गुरुवार, 22 अक्टूबर 202611:07:40 AM
Download App
Home/देश

8,941 करोड़ से होगा यमुना पुनरुद्धार : अमित शाह ने वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, बोले- अगले 30 साल तक नहीं लगेगा नंबर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 22, 2026
09:53 AM
अमित शाह ने वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा, बोले- अगले 30 साल तक नहीं लगेगा नंबर

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली के द्वारका में यमुना के पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम में उन्होंने नदी की सफाई से जुड़े कार्यों की जानकारी देने के साथ ही कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी जोरदार वार किया।

वोट चोरी का बहाना बनाती है विपक्षी पार्टी

संबोधन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, दिल्ली में एक अलग खेल चल रहा है। लगातार भाजपा की सरकारें चुनकर आ रही हैं। विपक्ष के पेट में दर्द है, इसलिए इन्होंने वोट चोरी का बहाना बनाया है। वे कहते हैं कि भाजपा वोट चोरी करती है। राहुल गांधी, आपको और आपके साथियों को पूरा देश समझ रहा है और समझ भी गया है। वोट चोरी करके आप घुसपैठियों का वोट बचाना चाहते हो। कभी ईवीएम का बहाना बनाते हो तो कभी वोट चोरी का बहाना बनाते हो। भाजपा की केंद्र में मोदी सरकार बनने से पहले आप कभी भी कई राज्यों में चुनकर नहीं आए।

कई राज्यों में कांग्रेस की चुनावी स्थिति पर उठाए सवाल

उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, गुजरात में 41 साल से आपकी सरकार नहीं बनी। उत्तर प्रदेश में आप 41 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। बंगाल में 54 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। तमिलनाडु में 64 साल से चुनाव नहीं जीते हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत से आपकी सरकार नहीं बनी। अरुणाचल में 12 साल और मिजोरम में 13 साल से चुनकर नहीं आए। मणिपुर में 14 साल, दिल्ली में 18 साल और असम में 12 साल से चुनकर नहीं आए। क्या यह सब मोदी सरकार के आने से पहले शुरू हुआ है?

अगले 30 साल तक सत्ता में आने का नंबर नहीं

अमित शाह ने कहा, मैं कहता हूं कि 30 साल तक भाजपा की सरकार रहेगी तो ये जनता से कहते हैं कि देखो वोट चोरी है, वरना अमित शाह को कैसे मालूम पड़ा। अमित शाह तो यहां जन्मा है, यहां रहता है और यहीं मरेगा। मुझे हर छह महीने में विदेश नहीं जाना पड़ता है। मैं तो देश की जनता के बीच में रहता हूं। आप जिस तरह से नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं, उसके आधार पर मैं कहता हूं कि 2030 तक आपकी सरकार कभी नहीं बनने वाली है। मुझे मालूम है कि आप विदेश में हैं, अगले 30 साल आपका नंबर नहीं लगने वाला।

चुनाव आयोग और न्यायपालिका को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर तंज कसते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, केरल में जीत जाते हैं, तो चुनाव आयोग, मतदाता सूची, और यही ईवीएम के साथ शपथ लेकर सरकार बना लेते हैं। इसी तरह तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में चुनाव जीत गए तो चुनाव आयोग अच्छा है। तमिलनाडु में जिस सहयोगी पार्टी को आप सपोर्ट कर रहे हैं, वहां पर चुनाव आयोग अच्छा है और जहां हार जाते हो, वहां चुनाव आयोग ठीक नहीं है। आपके पक्ष में कोर्ट फैसले देता है तो अच्छा है और कोर्ट आपके विपक्ष में दे तो कोर्ट ठीक नहीं है। यह आपका दोहरा मापदंड नहीं चलेगा।

यमुना शुद्धिकरण की 8,941 करोड़ की परियोजनाओं का जिक्र

उन्होंने कहा, आज मैं द्वारका में यमुना शुद्धिकरण से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपए की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में उपस्थित हूं। ये सभी परियोजनाएं यमुना को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने की दिशा में रीढ़ की हड्डी के समान हैं। दिल्ली में भाजपा सरकार बनते ही प्रधानमंत्री मोदी ने एक महीने के भीतर ही उच्चस्तरीय बैठक बुलाई थी और दिल्ली सरकार के सामने यमुना को स्वच्छ बनाने की एक व्यापक कार्ययोजना रखी थी। मुझे हर्ष है कि इस योजना का 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

पिछली सरकारों पर यमुना को प्रदूषित करने का आरोप

केंद्रीय गृह मंत्री ने पिछली सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि 30 सालों से पिछली सरकारों ने गटर के पानी को यमुना में छोड़ने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजाना 2,000 टन गोबर यमुना में डाला जाता था और यूपी-हरियाणा का गंदा पानी भी यहीं आता था। यमुनोत्री से लेकर संगम तक दिल्ली वालों की आवाज जानी चाहिए।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें