गुरुवार, 22 अक्टूबर 202612:13:00 PM
Download App
Home/देश

राजधानी का हैरान करने वाला मामला : आखिर महिला के पैर में कैसे लगी गोली, पुलिस भी परेशान, कड़ियां जोड़ना बना चुनौती

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 22, 2026
10:32 AM
आखिर महिला के पैर में कैसे लगी गोली, पुलिस भी परेशान, कड़ियां जोड़ना बना चुनौती

भोपाल। भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके से बुधवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां के कच्ची मस्जिद स्थित हैदर टाॅवर की पांचवी मंजिल में टहल रही महिला के पैर में अचानक गोली लग गई। घटना के बाद महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जहां आॅपरेशन कर उसकी गोली निकाली गई। फिलहाल महिला का इलाज जारी है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, लेकिन अब तक गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।

टहलते समय पैर में हुआ दर्द, अस्पताल पहुंचने पर चला पता

जानकारी के मुताबिक, महिला हैदर टावर की पांचवीं मंजिल की छत पर टहल रही थी। इसी दौरान अचानक उसके पैर में कुछ लगने का एहसास हुआ। शुरुआत में महिला को लगा कि शायद कोई चीज चुभ गई है या चोट लगी है। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि उसके पैर में गोली लगी है।

घटना की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे अहम सवाल यह है कि पांचवीं मंजिल की छत पर मौजूद महिला को गोली किस दिशा से लगी और इसे किसने चलाया।

महिला के बयान दर्ज, घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच

पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज किए हैं और मामले की जांच कर रही है। जांच अधिकारी महिला के बयान और घटनास्थल पर मिले तथ्यों का मिलान कर रहे हैं, ताकि घटना के समय की परिस्थितियों को समझा जा सके।

पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली कहां से चली, आसपास किसी संदिग्ध व्यक्ति की मौजूदगी थी या नहीं और घटना किसी लापरवाही का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

गोली चलाने वाले की पहचान अब तक नहीं

इस मामले में फिलहाल गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है। घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि महिला को गोली किन परिस्थितियों में लगी। राजधानी में इस तरह की घटना ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें