गुरुवार, 22 अक्टूबर 202612:14:33 PM
Download App
Home/देश

सत्य को हमेशा के लिए नहीं किया जा सकता कैद : जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद भाजपा पर बरसे अखिलेश, सपा नेता के समर्थन में कही यह बात

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 22, 2026
10:53 AM
जेल में आजम खां से मुलाकात के बाद भाजपा पर बरसे अखिलेश, सपा नेता के समर्थन में कही यह बात

रामपुर। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को रामपुर जेल पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात की। पार्टी के दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक चली। अखिलेश यादव की जेल में आजम खां से मुलाकात को राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। यहां पर बता दें कि आजम खां समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताओं में शामिल रहे हैं और रामपुर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण प्रभाव रहा है।

आजम खां से मुलाकात करने के बाद अखिलेश यादव मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आजम खां के समर्थन में कहा, “आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खां और उनके परिवार ने राजनीतिक जीवन में जितना अन्याय झेला है, उतना किसी अन्य राजनीतिक परिवार ने नहीं झेला होगा।

आजम खां पर दर्ज मामलों को बताया झूठा

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि आजम खां के खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए गए, जिसके कारण उन्हें कई साल जेल में बिताने पड़े। उन्होंने कहा कि सत्य को हमेशा के लिए कैद नहीं किया जा सकता। न्याय मिलने में देरी हो सकती है, लेकिन झूठे आरोप सच्चाई को दबा नहीं सकते। अखिलेश ने आजम खां के साथ अपने व्यक्तिगत और राजनीतिक जुड़ाव का भी उल्लेख किया। मुलाकात के दौरान आजम खां के स्वास्थ्य और उनकी मौजूदा स्थिति पर भी चर्चा हुई।

जौहर विश्वविद्यालय को लेकर भाजपा पर निशाना

सपा प्रमुख ने जौहर विश्वविद्यालय का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार पर शिक्षा और ज्ञान की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को विश्वविद्यालयों की चिंता नहीं है और संस्थान को नुकसान पहुंचाने के लिए साजिशें की गईं।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि शिक्षा के क्षेत्र में जिस तरह की स्थिति पैदा की गई है, वह बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज के विकास के लिए शिक्षा और ज्ञान को प्राथमिकता देना जरूरी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें