सोमवार, 12 अक्टूबर 202612:01:33 AM
Download App
Home/छत्तीसगढ़

President Draupadi Murmu CG Visit : 22-23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रायपुर और जगदलपुर में कार्यक्रम

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Oct 09, 2026
10:04 AM
22-23 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रायपुर और जगदलपुर में कार्यक्रम

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 और 23 अक्टूबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगी। इस दौरान वे रायपुर और जगदलपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा व्यवस्था से लेकर आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं तक के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

बस्तर दशहरा में शामिल होने का मिला था आमंत्रण

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यह दौरा विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा से भी जुड़ा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में उन्हें बस्तर दशहरा में शामिल होने का आमंत्रण दिया था। इसी आमंत्रण के बाद राष्ट्रपति का छत्तीसगढ़ दौरा प्रस्तावित हुआ है।

मुख्य सचिव ने तैयारियों की समीक्षा की

राष्ट्रपति के प्रवास की तैयारियों को लेकर मुख्य सचिव विकासशील ने गुरुवार को बैठक बुलाई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, आवास, परिवहन और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रपति के प्रवास से जुड़े कार्यक्रमों के समन्वय के लिए संस्कृति विभाग को नोडल विभाग बनाया गया है। मुख्य सचिव ने रायपुर और बस्तर संभाग के कलेक्टरों को भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

रायपुर और जगदलपुर में इन कार्यक्रमों में होंगी शामिल

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति रायपुर स्थित लोकभवन और बूढ़ापारा के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगी। इसके बाद जगदलपुर में लालबाग मैदान में आयोजित मुरिया दरबार और बस्तर दशहरा के सार्वजनिक कार्यक्रम में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है।

एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा के निर्देश

राष्ट्रपति के दौरे के दौरान रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट और जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थलों तक सुरक्षा, कारकेड और सड़क मार्ग से सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित जिला कलेक्टरों, पुलिस आयुक्त और पुलिस अधीक्षकों को सौंपी गई है।

इसके अलावा राष्ट्रपति के साथ आने वाले अतिथियों के ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग की निर्धारित गाइडलाइंस के अनुसार, प्रवास के दौरान पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

राष्ट्रपति के प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुट गया है। अब सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी निर्धारित समयसीमा में व्यवस्थाएं पूरी करने की होगी।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें