ताशकंद में मोदी का भव्य स्वागत : राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने एयरपोर्ट पर की आगवान,व्यापार-निवेश से लेकर रक्षा और ऊर्जा सहयोग तक पर बनेगी रणनीति

ताशकंद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार शाम उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद पहुंचे। अपनी दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री का राष्ट्रपति शवकत मिर्जियोयेव ने हवाई अड्डे पर पहुंचकर गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं की इस मुलाकात को भारत और उज्बेकिस्तान के बीच लगातार मजबूत होते रणनीतिक संबंधों का अहम संकेत माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। बातचीत में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग को और विस्तार देने पर चर्चा होगी। साथ ही ‘विकसित भारत-2047’ और ‘नया उज्बेकिस्तान-2030’ के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
रिश्तों में नई ऊर्जा भरने पर जोर
ताशकंद रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल के वर्षों में भारत और उज्बेकिस्तान की रणनीतिक साझेदारी ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने की इच्छा जताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और उज्बेकिस्तान के साझा हितों को ध्यान में रखते हुए व्यापार एवं निवेश के नए अवसर तलाशे जाएंगे। डिजिटल कनेक्टिविटी, ऊर्जा और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना दोनों देशों की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
गांधी और शास्त्री की विरासत से जुड़ेंगे मोदी
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज भी जाएंगे। यहां वे लाल बहादुर शास्त्री स्मारक और महात्मा गांधी केंद्र का दौरा करेंगे। प्रधानमंत्री ने इसे दोनों देशों के बीच मजबूत सांस्कृतिक और जन-जन के संबंधों को सम्मान देने का अवसर बताया है। प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर ताशकंद में स्थानीय लोगों में भी उत्साह नजर आया। उज्बेकिस्तान की एक महिला ने मोदी के आगमन पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों देशों के मैत्रीपूर्ण संबंध लगातार मजबूत होने चाहिए।
मोदी की चौथी उज्बेकिस्तान यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी की यह उज्बेकिस्तान की चौथी यात्रा है। इससे पहले वे वर्ष 2015 में मध्य एशिया के दौरे के दौरान उज्बेकिस्तान पहुंचे थे। इसके बाद 2016 और 2022 में शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलनों में भाग लेने के लिए भी उन्होंने उज्बेकिस्तान का दौरा किया था।
भारत और उज्बेकिस्तान के संबंध पिछले वर्षों में द्विपक्षीय और बहुपक्षीय दोनों स्तरों पर लगातार मजबूत हुए हैं। उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति मिर्जियोयेव 2018 में भारत की राजकीय यात्रा पर आए थे और 2019 में वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भी शामिल हुए थे।
ताशकंद के बाद बिश्केक जाएंगे पीएम
उज्बेकिस्तान यात्रा के बाद प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक जाएंगे। वहां वे किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर जापारोव के निमंत्रण पर शंघाई सहयोग संगठन के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। संगठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर होने वाला यह सम्मेलन क्षेत्रीय सहयोग और साझा सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
