मध्यप्रदेश में आफत की बारिश! : कई जिले जलमग्न, चित्रकूट में पुल बहा; आज 10 जिलों में अलर्ट

भोपाल। मध्यप्रदेश में अगस्त की विदाई से पहले मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। शनिवार को हुई मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। सतना, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में बाढ़ जैसे हालात बन गए। चित्रकूट में गोरगी बांध के फूटने के बाद निचले इलाकों में तेजी से पानी भर गया। मंदाकिनी नदी करीब 30 फीट उफान पर पहुंच गई। तेज बहाव में रामघाट का बड़ा पुल बह गया, जबकि कई सड़कों पर पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ।
चित्रकूट में बाढ़ का कहर, 400 दुकानें पानी में डूबीं
चित्रकूट में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े नजर आए। रामघाट और भरतघाट पूरी तरह जलमग्न हो गए। घाट के आसपास करीब 400 दुकानें भी बाढ़ की चपेट में आ गईं। नयागांव राजमहल तक पानी पहुंच गया। कई लोग घरों और होटलों में फंस गए, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीमें तैनात करनी पड़ीं। सतना-चित्रकूट मार्ग भी तीन स्थानों पर बंद हो गया। सड़कों पर पानी का तेज बहाव होने के कारण कई इलाकों में नावों की मदद लेनी पड़ी।
सतना में रेलवे ट्रैक डूबा, घंटों खड़ी रही ट्रेन
सतना के मझगवां में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से रेल यातायात प्रभावित हुआ। आनंद विहार से रीवा जा रही यात्री ट्रेन को कई घंटे तक रोकना पड़ा। नागौद में थाने और पेट्रोल पंप तक पानी पहुंच गया। कोठी में भारी बारिश के बीच एक मकान गिर गया। मलबे में चार भैंस दब गईं, जिनमें दो की मौत हो गई। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
पन्ना में बांध के गेट खुले, कई गांवों का संपर्क कटा
पन्ना में लगातार बारिश के साथ बांध से पानी छोड़े जाने के बाद स्थिति गंभीर हो गई। बानसुजारा बांध के आठ गेट खोलकर धसान नदी में 792 घन मीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी छोड़ा गया। जलस्तर बढ़ने के कारण कई गांवों में पानी भर गया और आसपास के इलाके टापू जैसे नजर आने लगे।
आज 10 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने रविवार को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
प्रदेश में अब तक 27 इंच बारिश
मध्यप्रदेश में अब तक करीब 694.5 मिलीमीटर यानी 27 इंच बारिश दर्ज की गई है। सामान्य आंकड़ा 762.3 मिलीमीटर यानी करीब 30 इंच है। इस लिहाज से प्रदेश में अभी करीब 2.7 इंच बारिश कम है और कुल बारिश सामान्य से लगभग 9 प्रतिशत नीचे है। पूर्वी मध्यप्रदेश में करीब 5 प्रतिशत और पश्चिमी हिस्से में 12 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है। प्रदेश के 39 जिलों में बारिश सामान्य से कम, जबकि 16 जिलों में औसत से ज्यादा रही है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
