आर्थिक आपदा की कगार पर भारत : विदेशी धरती से राहुल ने सरकार पर फिर किया वार, भाजपा ने भी किया जोरदार पलटवार

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी दो दिवसीय दौरे पर अमेरिका पहुंचे हैं। उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में शिरकत कर युवाओं से संवाद किया। खास बात यह रही की उन्होंने एक बार फिर विदेशी धरती से भारतीय अर्थव्यवस्था और देश की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए। इतना ही नहीं, राहुल ने भारत को आर्थिक आपदा की ओर बढ़ता देश भी बता दिया।
युवाओं से बातचीत करते हुए राहुल ने बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को देश की प्रमुख चुनौतियां बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं को अपना भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल नजर नहीं आ रहा है। उनके इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर विदेश में भारत की छवि खराब करने का आरोप लगाया है।
बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता
कोलंबिया यूनिवर्सिटी में मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन के साथ बातचीत के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि भारत में बेरोजगारी की गंभीर समस्या है और शिक्षा व्यवस्था में भी बड़े सुधारों की जरूरत है। उन्होंने दावा किया कि इन समस्याओं को नजरअंदाज करने से देश की वास्तविक स्थिति नहीं बदलेगी।
राहुल गांधी के मुताबिक, मध्यमवर्गीय परिवारों से आने वाले और उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं में भी निराशा बढ़ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि उन्हें भविष्य में रोजगार और बेहतर अवसरों की संभावनाएं दिखाई नहीं दे रही हैं।
चुनाव आयोग पर फिर साधा निशाना
राहुल गांधी ने इस दौरान अपने वोट चोरी के आरोपों को भी दोहराया। उन्होंने भारतीय निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि वर्ष 2024 में मतदान करने के पात्र 14 करोड़ लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी परिस्थितियों में चुनाव की निष्पक्षता और वैधता कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। राहुल ने कहा कि चुनावी व्यवस्था में सुधार जरूरी है और उनकी पार्टी इस मुद्दे पर काम कर रही है। उन्होंने चुनावी अनियमितताओं के अपने आरोपों के समर्थन में पुख्ता सबूत होने का भी दावा किया।
सरकार पर डर का माहौल बनाने का आरोप
राहुल गांधी ने बातचीत में राजनीतिक और सामाजिक माहौल को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था के भीतर मौजूद कुछ लोग डर के कारण खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि दबाव बढ़ने पर सरकार की प्रतिक्रिया हिंसक हो सकती है। उन्होंने कहा कि पहले लोगों में डर का माहौल था, लेकिन अब लोग डरना छोड़ रहे हैं। इस बदलाव में छात्र आंदोलनों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
भाजपा ने राहुल गांधी पर किया पलटवार
राहुल गांधी के बयानों पर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने इंटरनेट मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें भारत विरोधी प्रचार का नेता बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, भारत की प्रगति और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाकर देश की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं।
भंडारी ने कहा कि जहां दुनिया भारत को तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था और मजबूत लोकतंत्र के रूप में देख रही है, वहीं राहुल गांधी देश को आर्थिक आपदा की स्थिति में बता रहे हैं।
विदेश में दिए बयान से फिर गरमाई राजनीति
राहुल गांधी के इस बयान के बाद देश में सियासी बहस तेज होने के आसार हैं। एक ओर कांग्रेस नेता बेरोजगारी, शिक्षा और चुनावी व्यवस्था से जुड़े सवाल उठा रहे हैं, वहीं भाजपा उनके बयानों को देश की छवि से जोड़कर निशाना साध रही है। अब देखना होगा कि राहुल गांधी के आरोपों और भाजपा के पलटवार के बीच यह राजनीतिक विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
