भोपाल में बारिश बनी आफतः : सड़कें बनीं तालाब, घरों में घुसा पानीय कई इलाकों में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, स्कूल में छुट्टी

भोपाल। राजधानी भोपाल में बीते 24 घंटे से अनवतर भारी का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से जहां जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं स्कूलों में नर्सरी से 12वीं तक के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। साथ ही शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया। शिवनगर कॉलोनी में हालात सबसे ज्यादा खराब नजर आए, जहां कई जगहों पर कमर तक पानी पहुंच गया। सड़कें जलमग्न होने के साथ कई घरों में भी पानी घुस गया, जिसके चलते रहवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, 24 घंटे की बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की भी पोल खोल दी है।
शिवनगर कॉलोनी में कमर तक पानी, घरों में घुसा पानी
शिवनगर कॉलोनी में भारी बारिश के बाद सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं। कई स्थानों पर पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। रहवासियों को खुद घरों में घुसे पानी को बाहर निकालने की मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान हर बार इसी तरह के हालात बनते हैं, लेकिन जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं हो सकी है।
कैलाश नगर से बैरागढ़ तक जलभराव
कैलाश नगर और बैरागढ़ क्षेत्र में भी बारिश का असर देखने को मिला। बैरागढ़ स्थित साईं बाबा रेसीडेंसी में जलभराव की स्थिति बन गई। वहीं इंद्रविहार कॉलोनी और एयरपोर्ट रोड पर भी सड़कें और नालियां पानी से लबालब नजर आईं। कई जगहों पर वाहन चालकों को पानी के बीच से गुजरने में परेशानी हुई।

मंत्री विश्वास सारंग ने लिया जायजा
भारी बारिश के बीच मंत्री विश्वास सारंग ने नरेला विधानसभा क्षेत्र के जलभराव प्रभावित इलाकों का दौरा किया। उन्होंने महामाई बाग, राजेंद्र नगर समेत कई क्षेत्रों में मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और राशन पहुंचाने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर उन्होंने नगर निगम कर्मचारियों को फटकार लगाई और नाले-नालियों की तत्काल सफाई के निर्देश दिए।
भोपाल-बैरसिया मार्ग पर आवागमन रोका
भारी बारिश के कारण भोपाल-बैरसिया मार्ग के ईंटखेड़ी सड़क पुल के ऊपर पानी आ गया। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर आवागमन रोक दिया। पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर मौजूद रही और स्थिति पर नजर बनाए रखी। अधिकारियों के अनुसार, पुल के ऊपर पानी का बहाव बढ़ने के कारण एहतियातन यातायात बंद किया गया है।
जेल रोड पर भी बिगड़े हालात
नयापुरा जेल रोड स्थित श्मशान घाट में भी बारिश का पानी भर गया। वार्ड 75 की कंफर्ट ग्रीन कॉलोनी के रहवासियों ने जल निकासी व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि सड़क पर इतना पानी भर गया है कि पूरा मार्ग तालाब में तब्दील हो गया। यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो लोगों की मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
स्कूलों में छुट्टी, शिक्षकों को पहुंचना होगा
लगातार बारिश और जलभराव को देखते हुए भोपाल जिले में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आज अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया है। यह आदेश सरकारी, निजी और अनुदान प्राप्त सभी स्कूलों पर लागू रहेगा। हालांकि शिक्षकों और स्कूल कर्मचारियों को निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचना होगा।

जल निकासी व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
भोपाल में तेज बारिश के बाद जलभराव की तस्वीरें एक बार फिर नगर निगम और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही हैं। सड़कें तालाब में तब्दील होने और घरों में पानी घुसने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यदि बारिश का दौर जारी रहता है, तो शहर के अन्य निचले इलाकों में भी हालात बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
