जोरहाट दर्दनाक विमान हादसाः : पांच वीर सूतों का बलिदान, देश मे दौड़ी शोक की लहर, को-पायलट गंभीर घायल

नई दिल्ली। असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का एंतोनोव AN-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में वायुसेना के पांच बहादुर सैन्यकर्मियों ने देश की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। हादसे की खबर सामने आते ही पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, विमान के को-पायलट गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
वायुसेना द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शहीद हो गए। देश की रक्षा के लिए समर्पित इन जांबाजों के बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा।
भारतीय वायुसेना ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। वायुसेना ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा संगठन शोक संतप्त परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा है।
घायल को-पायलट का इलाज जारी
हादसे में विमान के को-पायलट की जान बच गई, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि उनके बयान से दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।
हादसे के कारणों की होगी गहन जांच
विमान दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए भारतीय वायुसेना ने तत्काल उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ गठित की गई है। जांच में विमान की तकनीकी स्थिति, इंजन की कार्यप्रणाली, मौसम की परिस्थितियों और अन्य संभावित कारणों की विस्तार से पड़ताल की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि हादसे से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
राष्ट्र ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
जोरहाट विमान हादसे में शहीद हुए वायुयोद्धाओं के बलिदान ने पूरे देश को भावुक कर दिया है। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। राष्ट्र अपने इन वीर सपूतों को नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
