सोमवार, 31 अगस्त 202607:18:16 AM
Download App
Home/देश

चित्रकूट में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सीएम, : कहा- हर नुकसान की होगी भरपाई, घर-घर पहुंचकर देखा नुकसान

admin

admin

Aug 30, 2026
12:03 PM
कहा- हर नुकसान की होगी भरपाई, घर-घर पहुंचकर देखा नुकसान

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को रीवा से सीधे चित्रकूट पहुंचे और मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। उन्होंने प्राचीन मुखारविंद के पास बनाए गए राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को वस्त्र, घरेलू सामग्री और खाद्यान्न सहित राहत सामग्री वितरित करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरी सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार हरसंभव सहायता दी जाएगी।

जलभराव वाले इलाकों में पैदल पहुंचे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने चित्रकूट के रामधाम मोहल्ले में जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। कीचड़ भरे रास्तों से होकर वे प्रभावित परिवारों के घरों तक पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने श्री रामफल गर्ग और श्री किस्मत कुमार गर्ग के परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। सतना-चित्रकूट मार्ग पर दुकानदार कामता प्रसाद गुप्ता की दुकान में पानी भरने से हुए नुकसान की जानकारी भी ली।

राहत शिविर में श्रद्धालुओं से भी मिले

मुख्यमंत्री ने राहत शिविर में बांदा के बबेरू से आए श्रद्धालु राजू सिंह से बातचीत की। राजू ने बताया कि वे 20 लोगों के साथ कामतानाथ स्वामी के दर्शन के लिए आए थे, लेकिन बाढ़ के कारण वापस नहीं लौट सके। उन्होंने शिविर में भोजन, पानी और नाश्ते की समुचित व्यवस्था की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावितों के लिए आवश्यक सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जनहानि नहीं, राहत कार्य तेज

मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट और सतना में लगातार हुई अतिवृष्टि से सेमरावल और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बनी। कई घरों में पानी घुसने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की तत्परता के चलते अब तक किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।

पशुहानि का भी होगा सर्वे

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी प्रभावितों को भोजन, वस्त्र, पेयजल और चिकित्सा सहित जरूरी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। पशुहानि अथवा अन्य नुकसान का भी विधिवत सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार राहत एवं आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनजीवन सामान्य होने तक वरिष्ठ अधिकारी चित्रकूट में रहकर राहत कार्यों की निगरानी करेंगे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें