सोमवार, 31 अगस्त 202608:42:35 AM
Download App
Home/देश

चित्रकूट में फिर आसमान से बरसी आफत : मंदाकिनी के रौद्ररूप से नई तबाही की दी दस्तक, प्रभावित परिवारों की बढ़ी बेचैनी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 31, 2026
07:17 AM
मंदाकिनी के रौद्ररूप से नई तबाही की दी दस्तक, प्रभावित परिवारों की बढ़ी बेचैनी

चित्रकूट। चित्रकूट में बाढ़ की तबाही का मंजर अभी आंखों से ओझल भी नहीं हुआ था कि आसमान से फिर आफत टूट पड़ी। रविवार रात से जारी तेज बारिश ने लोगों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मंदाकिनी नदी एक बार फिर उफान की ओर बढ़ रही है और सोमवार सुबह आरोग्य धाम के पास जलस्तर 137.05 मीटर दर्ज किया गया। नदी का बढ़ता पानी उन परिवारों के लिए किसी नए खतरे की दस्तक बन गया है, जो कुछ दिन पहले ही बाढ़ की मार से अपने घर और कारोबार संभालने में जुटे थे। बारिश ने राहत की उम्मीद पर फिर पानी फेर दिया है।

बीते शनिवार मंदाकिनी में आई भीषण बाढ़ ने चित्रकूट में भारी तबाही मचाई थी। पानी उतरने के बाद लोग अपने घरों और दुकानों में जमा मलबा हटाकर जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने की कोशिश कर ही रहे थे कि आसमान से फिर आफत बरसने लगी। दोबारा बारिश ने लोगों की पुरानी दहशत को जिंदा कर दिया है।

घर-दुकान संभालने से पहले फिर बढ़ी मुसीबत

बाढ़ प्रभावित परिवारों का कहना है कि पिछली तबाही के दृश्य अभी आंखों से ओझल नहीं हुए हैं। ऐसे में लगातार बारिश और मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर ने उनकी चिंता कई गुना बढ़ा दी है। लोगों को आशंका है कि अगर बारिश इसी तरह जारी रही और नदी का जलस्तर और बढ़ा तो हालात दोबारा भयावह हो सकते हैं।

बाढ़ के बाद कई इलाकों में अभी भी भोजन, पीने के साफ पानी और कपड़ों का संकट बना हुआ है। प्रभावित परिवार राहत एवं बचाव दलों से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के चित्रकूट दौरे के बावजूद जमीनी स्तर पर राहत कार्यों में अपेक्षित तेजी दिखाई नहीं दे रही है।

सतना में सामान्य से ज्यादा बारिश

उधर सतना जिले में भी बारिश का सिलसिला जारी है। सोमवार सुबह आठ बजे तक जिले में 23.8 मिलीमीटर औसत बारिश दर्ज की गई। एक जून से 31 अगस्त तक जिले में कुल औसत वर्षा 1043.5 मिलीमीटर पहुंच चुकी है, जबकि सामान्य औसत वर्षा 891.7 मिलीमीटर है। यानी जिले में सामान्य से करीब 151.8 मिलीमीटर अधिक बारिश हो चुकी है।

सोहावल में 37, बिरसिंहपुर में 35, बरौंधा में 27, रामपुर बाघेलान में 27.6 और सतना में 24.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश को देखते हुए कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने आपदा प्रबंधन दल और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल चित्रकूट में लोगों की नजरें मंदाकिनी के बढ़ते जलस्तर और आसमान पर टिकी हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें