सोमवार, 31 अगस्त 202608:35:48 AM
Download App
Home/देश

कर्नल सोफिया कुरैशी पर विवादित बयान का मामला : विजय शाह पर सुप्रीम कोर्ट आज बड़ी सुनवाई, सरकार के रवैए पर विफर चुकी है अदालत

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 31, 2026
06:38 AM
विजय शाह पर सुप्रीम कोर्ट आज बड़ी सुनवाई, सरकार के रवैए पर विफर चुकी है अदालत

भोपाल। मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह से जुड़े विवादित बयान मामले में आज सर्वोच्च न्यायालय में महत्वपूर्ण सुनवाई होगी। इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय पहले ही मध्य प्रदेश सरकार के रवैये पर कड़ी नाराजगी जता चुका है। अब मंत्रिपरिषद की ओर से मंत्री के खिलाफ अभियोजन की अनुमति नहीं देने की सिफारिश राज्यपाल को भेजे जाने के बाद आज की सुनवाई बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

यह मामला मई 2025 का है। इंदौर के महू में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विजय शाह ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। बयान सामने आने के बाद मामला गरमा गया। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय ने मामले का स्वतः संज्ञान लिया। इसके बाद सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर जांच के लिए विशेष जांच दल गठित किया गया।

विशेष जांच दल ने अपनी जांच पूरी करने के बाद विजय शाह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा चलाने की अनुमति मांगी। मौजूदा मंत्री के खिलाफ अभियोजन की कार्रवाई के लिए सरकार की अनुमति आवश्यक होने के कारण यह मामला और महत्वपूर्ण हो गया।

मंत्रिपरिषद ने मुकदमा रोकने की सिफारिश भेजी

25 अगस्त को हुई मध्य प्रदेश मंत्रिपरिषद की बैठक में विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की अनुमति नहीं देने का प्रस्ताव रखा गया। बैठक में गोपनीयता बनाए रखने के लिए पांच वरिष्ठ अधिकारियों को छोड़कर अन्य अधिकारियों को बाहर कर दिया गया। इसके बाद मंत्रिपरिषद ने मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं देने की सिफारिश राज्यपाल मंगू भाई पटेल के पास भेज दी।

सरकार की ओर से तर्क दिया गया कि विजय शाह सार्वजनिक मंचों और लिखित रूप में कई बार माफी मांग चुके हैं। इसी आधार पर उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति नहीं देने की सिफारिश की गई है। हालांकि राज्यपाल ने इस पर क्या निर्णय लिया है, यह आज सर्वोच्च न्यायालय में सरकार की ओर से दी जाने वाली जानकारी से स्पष्ट हो सकता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें