सोमवार, 31 अगस्त 202608:35:07 AM
Download App
Home/देश

उज्बेकिस्तान से किर्गिस्तान पहुंचे पीएम मोदी : ताशकंद में भारत की बढ़ती लोकप्रियता का किया जिक्र, महात्मा गांधी सेंटर की यात्रा को बताया खास अनुभव

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 31, 2026
06:06 AM
ताशकंद में भारत की बढ़ती लोकप्रियता का किया जिक्र, महात्मा गांधी सेंटर की यात्रा को बताया खास अनुभव

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उज्बेकिस्तान का सफल दौरा पूरा करने के बाद रविवार को अपनी यात्रा के अगले पड़ाव किर्गिस्तान के लिए रवाना हुए। ताशकंद यात्रा को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उज्बेकिस्तान में भारत की संस्कृति, इतिहास, भाषाओं और विचारों को लेकर लोगों की दिलचस्पी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ताशकंद प्रवास से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।

प्रधानमंत्री मोदी ने ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज के महात्मा गांधी सेंटर की यात्रा को विशेष और रोचक बताया। उन्होंने कहा कि वहां इंडोलॉजी यानी भारत से जुड़े अध्ययन का जीवंत माहौल देखने को मिला। छात्रों और शिक्षकों में भारत को जानने और समझने के प्रति गहरी रुचि दिखाई दी।

पीएम ने छात्रों को सुनाई बापू की कविता

पीएम मोदी ने बताया कि महात्मा गांधी के जीवन और उनके विचारों पर व्यापक स्तर पर अध्ययन किया जा रहा है। इसके साथ ही तमिल भाषा और संस्कृति के प्रति भी छात्रों की बढ़ती रुचि देखने को मिली। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा उनकी लिखी कविताओं की कुछ पंक्तियां सुनाया जाना उनके लिए बेहद खास अनुभव रहा।

शास्त्री मेमोरियल पहुंचकर दी श्रद्धांजलि

ताशकंद दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के स्मारक पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शास्त्री की राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आज भी देश की पीढ़ियों को प्रेरित करती है। शास्त्री 9 जून 1964 से 11 जनवरी 1966 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे और ‘जय जवान, जय किसान’ का लोकप्रिय नारा दिया। इस दौरान उज्बेकिस्तान में भारतीय समुदाय ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर

पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। दोनों नेताओं ने व्यापार और निवेश, महत्वपूर्ण खनिज, रक्षा एवं सुरक्षा, नवाचार, स्टार्टअप, डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना, यूपीआई, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, कृषि, शिक्षा, पर्यटन, अंतरिक्ष और जनसंपर्क समेत द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर दिया जोर

प्रधानमंत्री ने भारत को उज्बेकिस्तान से यूरेनियम की आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक समझौते की दिशा में हुई प्रगति का स्वागत किया। साथ ही महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया। दौरा पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर संक्षिप्त संदेश लिखाकृ “उज्बेकिस्तान का धन्यवाद!”

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें