संस्कार कांवड़ यात्रा में सीएम ने उठाई कांवड़, : बोले- मां नर्मदा के हर कंकर में दिखते हैं शंकर, कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर किया अभिनंदन

जबलपुर। सावन के दूसरे सोमवार को जबलपुर में निकली संस्कार कांवड़ यात्रा पूरी तरह शिवमय नजर आई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यात्रा में शामिल होकर कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया और स्वयं पूज्य दादा गुरु के साथ कांवड़ उठाकर यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान भगवान शिव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कार कांवड़ यात्रा प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक है।
कांवड़ियों का उत्साह अतुलनीय : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश की समृद्ध सनातन संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर रही है। सावन भगवान शिव की आराधना और भक्ति का पर्व है। मां नर्मदा का जल लेकर संकल्प के साथ निकले कांवड़ यात्रियों का उत्साह अतुलनीय है। कांवड़ यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और प्रदेश के प्रमुख धर्मस्थलों पर भी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर से शुरू हुई संस्कार कांवड़ यात्रा अद्भुत है। इसमें पूज्य दादा गुरु के साथ हजारों कांवड़िये भक्ति भाव से साधना के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं।
‘मां नर्मदा के हर कंकर में शंकर’
मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों और प्रदेशवासियों को पवित्र श्रावण मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रावण सोमवार के पावन अवसर पर शिवभक्त नर्मदा मैया का जल लेकर अपना संकल्प पूरा करने निकले हैं। मां नर्मदा के हर कंकर में शंकर दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि शिवभक्ति और धार्मिक यात्राएं समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती हैं।
पर्व-त्योहार जीवन में लाते हैं उत्साह
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व और त्योहार हमारे जीवन में उत्साह, उमंग और उल्लास का संचार करते हैं। परमात्मा हमें जीवन की चुनौतियों का सामना करने की सामर्थ्य देते हैं। जीवन की पवित्रता और अच्छे कर्मों के माध्यम से परमात्मा तक पहुंचा जा सकता है। उन्होंने ईश्वर से प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
दादा गुरु का त्याग अनुकरणीय
मुख्यमंत्री ने पूज्य दादा गुरु की साधना और तपस्या की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि दादा गुरु अन्न का त्याग कर केवल नर्मदा मैया का जल ग्रहण करते हुए स्वस्थ जीवन जी रहे हैं। उनका त्याग और तपस्या समाज के लिए अनुकरणीय है। यात्रा में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, जबलपुर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी ‘इंदु’, डॉ. अभिलाष पांडेय, नीरज सिंह सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
