पीएम मोदी को लेकर खडग़े के बयान पर भड़की भाजपा : शाह बोले- कांग्रेस के पास अब गाली-गलौज के अलावा कोई मुद्दा नहीं, नितिन नबीन ने भी कांग्रेस को घेरा

नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गईअभद्र टिप्पणी पर सियासी घमासान मच गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने खड़गे के बयान की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोध के नाम पर कांग्रेस मर्यादाएं लांघ रही है और उसके पास सरकार की नीतियों तथा विकास के मुद्दों पर बहस करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेने के अलावा कुछ नहीं बचा है।
शाह का हमला- कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ीं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सामाजिक माध्यम एक्स पर कहा कि पटना में खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर अभद्र टिप्पणी कर राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार को निशाना बनाती रही है। कभी उनकी मां को लेकर अपशब्द कहे गए, तो कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ और ‘चायवाला’ कहकर निशाना बनाया गया।
शाह ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस लगातार अभद्रता की सीमाएं पार कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लगातार चुनावी हार से पार्टी हताश है और उसके पास न नीति बची है, न मुद्दे। शाह के मुताबिक, जब भी कांग्रेस ने प्रधानमंत्री या उनके परिवार पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं, जनता ने उसे चुनाव में जवाब दिया है।
नितिन नबीन बोले- राजनीतिक विरोध की भी होती है गरिमा
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने भी खड़गे की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के प्रति अमर्यादित और असंसदीय भाषा का प्रयोग कांग्रेस के वैचारिक दिवालियेपन को दर्शाता है। नबीन ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक मंचों पर दिवंगत परिजनों को राजनीतिक भाषणों में घसीटना विपक्ष की कार्यशैली बनती जा रही है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध की अपनी गरिमा होती है। जब विपक्ष के पास विकास, नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा के लिए ठोस मुद्दे नहीं होते, तब वह व्यक्तिगत आक्षेपों का सहारा लेता है। उन्होंने कहा कि जनता इस तरह की राजनीति पर नजर रख रही है और समय आने पर जवाब देगी।
श्रीकृष्ण सिंह की जयंती के कार्यक्रम में हुआ विवाद
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पटना दौरे पर हैं। इस दौरान वो डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। अपने संबोधन के दौरान खड़गे SIR पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा। इस पर एक व्यक्ति ने कहा, 'मोदी नहीं जाएगा'। शख्स के इसी बयान पर खड़गे ने कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा।'
'बाप भी जाएगा'
कार्यक्रम में खड़गे ने चुनाव प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक मतदान मशीन (ईवीएम), मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और भाजपा तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा पर भी अपनी बात रखी। टिप्पणी के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला तेज कर दिया है और यह विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में आ गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
