विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा दांव : कांग्रेस ने 5 राज्यों में वाॅर रूम चेयरपर्सन किए नियुक्त, यूपी की गतिविधियों पर रखेंगे सचिन यादव

नई दिल्ली। अगले साल पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है और अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में पार्टी ने पांचों राज्यों में चुनावी वार रूम के संचालन और रणनीतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के लिए चेयरपर्सन नियुक्त किए हैं। उत्तरप्रदेश के की जिम्मेदारी मप्र के पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव को दी गई है। वहीं पंजाब में कन्नन गोपीनाथन, गोवा में इमरोज खान, मणिपुर में बिस्वरंजन मोहंती और उत्तराखंड में कृष्ण सत्रोड़ को चुनावी वॉर रूम का चेयरपर्सन बनाया गया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इन नियुक्तियों के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। पार्टी का उद्देश्य इन नियुक्तियों के जरिए संबंधित राज्यों में चुनावी गतिविधियों को बेहतर ढंग से संचालित करना और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करना है।
प्रचार और रणनीति पर रहेगा फोकस
चुनावी वॉर रूम राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके माध्यम से प्रचार अभियान का समन्वय, संचार व्यवस्था का प्रबंधन, राजनीतिक घटनाक्रमों पर नजर और पार्टी की विभिन्न इकाइयों के बीच तालमेल सुनिश्चित किया जाता है। कांग्रेस को उम्मीद है कि नई नियुक्तियों से पांचों राज्यों में चुनाव प्रचार और संगठन की तैयारियों को गति मिलेगी।
वोट चोरी रैली के लिए भी तेज हुई लामबंदी
इस बीच, कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं के साथ उच्च स्तरीय बैठकें की हैं। इन बैठकों का उद्देश्य एक नवंबर को नई दिल्ली में प्रस्तावित इंडिया ब्लॉक की श्वोट चोरीश् के खिलाफ मेगा रैली के लिए जनभागीदारी बढ़ाना था।
उत्तर प्रदेश को लेकर प्रियंका गांधी वाड्रा, एआईसीसी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ रणनीति पर चर्चा हुई। वहीं, हरियाणा में एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और अन्य नेताओं के साथ संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की गई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
