मप्र में अब युवाओं पर फोकस, : राज्यपाल को सीएम ने बताई सरकार की बड़ी योजनाए, बिरसा मुंडा जयती को लेकर भी चर्चा

भोपाल। मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव ने शनिवार को लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल मंगूभाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को प्रदेश के विकास, किसानों की खुशहाली, युवाओं के रोजगार, औद्योगिक निवेश और आगामी महत्वपूर्ण आयोजनों को लेकर विस्तार से जानकारी दी। बैठक में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई।
2026 किसान कल्याण वर्ष, किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल को बताया कि मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है। इसके तहत किसानों की आमदनी बढ़ाने, कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों के समग्र कल्याण के लिए विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन और किसान कल्याण वर्ष के तहत अब तक हुई प्रगति की जानकारी भी साझा की।
2027 में युवा वर्ष, रोजगार और स्टार्टअप पर फोकस
वहीं सीएम ने बताया कि राज्य सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। इसके तहत प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने, कौशल विकास को प्रोत्साहित करने और स्टार्टअप संस्कृति को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकार युवाओं को उद्यमी से उद्योगपति बनाने के लिए ठोस प्रयास करेगी। इसके माध्यम से युवाओं की प्रतिभा को अवसर देने के साथ प्रदेश के आर्थिक विकास को भी गति देने की योजना है।
स्थापना दिवस पर किसान हितैषी योजनाओं को मिलेगी प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्यपाल को आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों से भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने किसान हितैषी योजनाओं और कार्यों को जोड़कर स्थापना दिवस मनाने का निर्णय लिया है। बैठक में 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में जनजातीय समाज के विकास और कल्याण के लिए व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
