शरद पूर्णिमा पर राजधानी में होगा भव्य धार्मिक अनुष्ठान : तैयारियों को परखने लाल परेड ग्राउंड पहुंचे रावतपुरा सरकार-मंत्री सारंग, 50 हजार श्रद्धालु होंगे शामिल

भोपाल। शरद पूर्णिमा के अवसर पर राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में 26 अक्टूबर को विराट मां राजराजेश्वरी हरिद्रा कोटि कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। यही नहीं, तैयारियों को नजदीक से परखने के लिए शनिवार को महाराज रावतपुरा सरकार और मंत्री विश्वास सारंग आयोजन स्थल पहुंचे। जहां दोनों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर तैयारियों की जानकारी ली।
शरद पूर्णिमा पर धार्मिक आयोजन का विशेष महत्व
निरीक्षण के बाद मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि यह प्रदेशवासियों के लिए प्रसन्नता का विषय है कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर इतने बड़े धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि शरद पूर्णिमा पर इस तरह के आयोजन का विशेष धार्मिक महत्व है।
महाराज रावतपुरा सरकार का मिलेगा सानिध्य
मंत्री ने बताया कि आयोजन में शामिल होने और पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्हें केवल लाल परेड मैदान पहुंचकर पूजन में शामिल होना है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विश्वास सारंग ने कहा कि महाराज रावतपुरा सरकार का सानिध्य प्रदेशवासियों को मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 26 अक्टूबर को लाल परेड मैदान पहुंचकर मां राजराजेश्वरी के इस महाअनुष्ठान में भाग लें और पुण्य लाभ प्राप्त करें।
1100 वैदिक आचार्यों के सानिध्य में होगा अनुष्ठान
इस भव्य धार्मिक आयोजन में 1100 से अधिक वैदिक आचार्यों के सानिध्य में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान मां राजराजेश्वरी का एक करोड़ (कोटि) कुंकुमार्चन किया जाएगा। आयोजन को लेकर लाल परेड मैदान में व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि श्रद्धालु व्यवस्थित तरीके से पूजा-अर्चना में शामिल हो सकें।
रावतपुरा सरकार ने किए खेड़ापति हनुमान मंदिर के दर्शन

इसस इसे पहले रावतपुरा सरकार खेड़ापति हनुमान मंदिर में पहुंचे। जहां उन्होंने महावीर के दर्शन किए और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग भी थ। दोनों ने मंदिर परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों और छोला दशहरा मैदान का निरीक्षण किया। बता दें कि करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से श्री खेड़ापति हनुमान कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि कॉरिडोर का निर्माण चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
