बिग बॉस 20 में रो पड़ीं माही विज, : बोलीं- जज ने 4 बार कहा एलिमनी ले लो, मैंने मना कर दिया

Entertainment Desk | एक्ट्रेस माही विज रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में अपनी बेटी तारा को लेकर भावुक नजर आईं। इस दौरान उन्होंने बेटी की परवरिश, उसके सुरक्षित भविष्य और सिंगल मदर के तौर पर अपने अनुभवों को खुलकर साझा किया। साथ ही, माही ने जय भानुशाली से तलाक के दौरान एलिमनी यानी गुजारा भत्ता नहीं लेने के अपने फैसले के बारे में भी बात की।

बेटी तारा के इर्द-गिर्द घूमती है माही की पूरी जिंदगी
शो में माही ने बताया कि उनकी पूरी जिंदगी बेटी तारा के इर्द-गिर्द घूमती है। वह अपने दम पर बेटी का भविष्य सुरक्षित करना चाहती हैं। माही ने कहा, “मैं सिंगल मदर हूं और मैं ही जानती हूं कि मेरा पूरा दिन यहां कैसे गुजरता है। जय अक्सर मुझे बाहर जाने और अपनी जिंदगी खुलकर जीने के लिए कहता रहता है। वह कहता है कि तुम कहीं जाती ही नहीं हो, बस तारा के लिए घर में बैठी रहती हो। मेरी पूरी जिंदगी मेरी बच्ची के इर्द-गिर्द घूमती है।”
जज के चार बार कहने पर भी नहीं ली एलिमनी
बेटी की बात करते हुए माही भावुक हो गईं। उन्होंने बताया कि तलाक की प्रक्रिया के दौरान जज ने उनसे चार बार जय भानुशाली से एलिमनी लेने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इनकार कर दिया। माही का मानना है कि जय ने यह पैसा अपनी मेहनत से कमाया है और वह उनकी कमाई नहीं लेना चाहती थीं।
उन्होंने कहा, “मैंने एक भी रुपया एलिमनी नहीं लिया। मैं किसी से भी पैसे नहीं मांगती, जय से भी नहीं। मुझे लगता है कि वह उसकी मेहनत की कमाई है। मैं कोर्ट में खड़ी थी और जज ने मुझसे चार बार एलिमनी लेने के लिए कहा, लेकिन मैंने मना कर दिया, क्योंकि मैंने देखा है कि जय ने कितनी मेहनत से पैसे कमाए हैं।”

‘जय ने मुझे पैसे लेने से कभी मना नहीं किया’
माही ने आगे कहा कि ऐसा नहीं है कि जय ने उन्हें पैसे लेने से मना किया हो। उनके मुताबिक, जय ने हमेशा उन्हें आर्थिक मदद देने की इच्छा जताई है, लेकिन इसके बावजूद उनका मन पैसे लेने का नहीं करता। उन्होंने बताया कि जय सेट पर 16-16 घंटे काम करते हैं और इसीलिए वह उनकी मेहनत की कमाई अपने पास नहीं रखना चाहतीं।
अरिश्फा से झगड़े के बाद छलका माही का दर्द
दरअसल, शो में माही की अरिश्फा के साथ कहासुनी हो गई थी। माही ने अरिश्फा और काजी के बीच हुए विवाद में काजी का साथ दिया था। इसके बाद अरिश्फा ने गुस्से में आकर कनिका, गुल्लू और माही के बिस्तर पर पानी गिरा दिया। बताया गया कि इन सभी ने अरिश्फा को घर से बेघर करने के लिए नॉमिनेट किया था।
अरिश्फा को बेटी तारा की तरह देखती हैं माही
माही ने कहा कि वह अरिश्फा से शांति से बात करके सभी मतभेद दूर करना चाहती थीं। वह अरिश्फा को अपनी छोटी बेटी तारा की तरह देखती हैं, लेकिन उन्हें लगता है कि अरिश्फा उनके साथ बदतमीजी करती हैं और बार-बार उन्हें नीचा दिखाती हैं।
अपनी बात कहते हुए माही रो पड़ीं। इसके बाद युंग, आसिफ और स्काउट उन्हें शांत कराते नजर आए।
पलक गीते
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
