मंगलवार, 29 सितंबर 202611:54:18 PM
Download App
Home/विदेश

इंटरनेशन क्रिकेट में श्री चरणी की ऐतिहासिक उपलब्धि : महिला टी-20 गेंदबाजी में पहुंची शीर्ष पर, स्मृति मंधाना की भी लंबी छलांग

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 29, 2026
10:41 AM
महिला टी-20 गेंदबाजी में पहुंची शीर्ष पर, स्मृति मंधाना की भी लंबी छलांग

नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट की युवा स्पिन गेंदबाज श्री चरणी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की महिला टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में चरणी 817 रेटिंग अंक के साथ इतिहास में सर्वाधिक अंक हासिल करने वाली गेंदबाज बन गई हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी गेंदबाज मेगन शूट का पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। मेगन शूट ने नवंबर 2018 में महिला टी-20 गेंदबाजी रैंकिंग में 806 रेटिंग अंक हासिल किए थे। श्री चरणी ने अब उनसे 11 अंक अधिक हासिल कर नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। एशियाई खेलों में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद उनकी रैंकिंग में यह बड़ी उछाल देखने को मिली है।

फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ चमकीं चरणी

एशियाई खेलों के फाइनल मुकाबले में भारत का सामना श्रीलंका से हुआ था। इस मुकाबले में श्री चरणी ने अपनी फिरकी का शानदार इस्तेमाल करते हुए चार ओवर में महज 13 रन देकर दो विकेट हासिल किए। उनके प्रभावी प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चरणी के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने महिला टी-20 क्रिकेट में अपनी स्थिति मजबूत की है। रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल करना उनके अब तक के अंतरराष्ट्रीय करियर की बड़ी उपलब्धियों में शामिल हो गया है।

स्मृति मंधाना भी शीर्ष पांच में पहुंचीं

महिला टी-20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भी भारतीय खिलाड़ियों को फायदा मिला है। एशियाई खेलों के फाइनल में शानदार बल्लेबाजी करने वाली स्मृति मंधाना एक स्थान ऊपर चढ़कर शीर्ष पांच में पहुंच गई हैं। मंधाना ने श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में केवल 46 गेंदों पर 79 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में पांच चैके और सात छक्के शामिल रहे। उन्होंने शेफाली वर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 99 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। भारत ने इस मुकाबले में तीन विकेट पर 216 रन बनाए, जो एशियाई खेलों के महिला क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर रहा।

ऋचा घोष को भी रैंकिंग में फायदा

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में उन्होंने केवल 22 गेंदों पर नाबाद 49 रन की तेजतर्रार पारी खेली। इस प्रदर्शन के बाद वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर 25वें स्थान पर पहुंच गई हैं।

पाकिस्तान और बांग्लादेश की खिलाड़ियों ने भी लगाई छलांग

कांस्य पदक मुकाबले में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 31 रन से हराया था। इस मैच में पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना ने 30 गेंदों पर 45 रन बनाए। उनके प्रदर्शन का फायदा रैंकिंग में मिला और वह चार स्थान ऊपर चढ़कर 23वें स्थान पर पहुंच गईं। बांग्लादेश की शर्मिन अख्तर ने भी रैंकिंग में 10 स्थान की छलांग लगाकर 35वां स्थान हासिल किया। गेंदबाजी में पाकिस्तान की नाशरा संधू ने शीर्ष दस में वापसी की। बांग्लादेश की नाहिदा अख्तर 29वें स्थान पर पहुंचीं, जबकि उम्म-ए-हानी ने 58 स्थान की बड़ी छलांग लगाकर 51वां स्थान हासिल किया। भारत की क्रांति गौड़ भी चार पायदान ऊपर चढ़कर 53वें स्थान पर पहुंच गईं।

एकदिवसीय रैंकिंग में हेली मैथ्यूज को फायदा

महिला एकदिवसीय रैंकिंग में वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज को भी शानदार प्रदर्शन का लाभ मिला। जिम्बाब्वे के खिलाफ 182 रन की बड़ी पारी खेलने के बाद वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर चैथे स्थान पर पहुंच गईं। जिम्बाब्वे की कप्तान मोडेस्टर मुपाचिक्वा भी शुरुआती दो मुकाबलों में 86 और 38 रन बनाने के बाद करियर की सर्वश्रेष्ठ 40वीं रैंकिंग पर पहुंच गईं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें