मंगलवार, 29 सितंबर 202611:57:59 PM
Download App
Home/देश

यूपी-बिहार एमएलसी चुनाव : भाजपा ने खोले पत्ते, 10 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम किए फाइनल, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 29, 2026
10:34 AM
भाजपा ने खोले पत्ते, 10 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम किए फाइनल, 23 अक्टूबर को होगा मतदान

नई दिल्ली। बिहार और उत्तर प्रदेश में होने वाले स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर भाजपा ने अपने पत्ते खोले दिए हैं। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने बिहार की चार और उत्तर प्रदेश की छह सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों को मंजूरी दी है। पार्टी ने उम्मीदवारों की सूची जारी कर चुनावी तैयारियों को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है।

बिहार की चार सीटों पर इन चेहरों पर दांव

भाजपा ने पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नवल किशोर यादव को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. एन.के. यादव को टिकट दिया गया है। दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सर्वेश कुमार चुनाव मैदान में उतरेंगे, जबकि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से नरेंद्र प्रसाद सिंह को पार्टी ने प्रत्याशी घोषित किया है।

यूपी की छह सीटों पर भी उम्मीदवार तय

उत्तर प्रदेश की छह विधान परिषद सीटों के लिए भी भाजपा ने अपने उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगा दी है। वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से केदारनाथ सिंह, मेरठ स्नातक से दिनेश गोयल और इलाहाबाद-झांसी स्नातक सीट से अशोक कुमार राठौर को प्रत्याशी बनाया गया है।

इसी तरह वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. प्रमोद मिश्रा, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से इंजीनियर हरि किशोर तिवारी और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से ध्रुव त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाया गया है। ध्रुव त्रिपाठी को पार्टी ने एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारा है।

23 अक्टूबर को मतदान, 27 को आएगा परिणाम

स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव विधान परिषद की संरचना में महत्वपूर्ण भूमिका रखते हैं। इन निर्वाचन क्षेत्रों में संबंधित पात्र स्नातक और शिक्षक मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करते हैं। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें