शुक्रवार, 27 नवंबर 202609:40:29 AM
Download App
Home/मनोरंजन

आईएएस का सपना, बाॅलीवुड में चमकी किस्मत : यामी गौतम की जिंदगी में ऐसा भी आया दौर, जब खेती करने लौटने वाली थीं अभिनेत्री

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 27, 2026
08:08 AM
यामी गौतम की जिंदगी में ऐसा भी आया दौर, जब खेती करने लौटने वाली थीं अभिनेत्री

मुंबई। मनोरंजन की दुनिया में कई सितारों की कहानियां ऐसी हैं, जहां जिंदगी ने उनके लिए मंजिल कुछ और ही तय कर रखी होती है। ऐसी ही दिलचस्प कहानी अभिनेत्री यामी गौतम की है। आज हिंदी सिनेमा की प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शुमार यामी कभी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में जाने का सपना देखती थीं।

वह सिविल सेवा की तैयारी भी कर रही थीं, लेकिन किस्मत ने उन्हें अभिनय की दुनिया में पहुंचा दिया। दिलचस्प बात यह है कि जिस अभिनेत्री ने अपनी मेहनत से फिल्मी दुनिया में पहचान बनाई, एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने अभिनय छोड़कर हिमाचल प्रदेश में खेती करने और नई जिंदगी शुरू करने का मन बना लिया था।

शर्मीली लड़की से अभिनेत्री बनने तक का सफर

यामी गौतम का जन्म 28 नवंबर 1988 को हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुआ था और उनका पालन-पोषण चंडीगढ़ में हुआ। उनके पिता मुकेश गौतम पंजाबी फिल्म निर्देशक हैं, जबकि मां अंजलि गौतम गृहिणी हैं। बचपन से ही यामी का जीवन अनुशासन और सादगी के बीच गुजरा।

स्कूल के दिनों में वह काफी शर्मीली और अंतर्मुखी थीं। मंच पर प्रस्तुति देने से भी झिझकती थीं। पढ़ाई में अच्छी होने के कारण उनका सपना प्रशासनिक अधिकारी बनने का था। स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने कानून की पढ़ाई शुरू की और इसी दौरान सिविल सेवा की तैयारी में भी रुचि बनाए रखी।

एक मुलाकात ने बदल दी जिंदगी की दिशा

यामी की जिंदगी में बड़ा मोड़ तब आया, जब उनके पिता के एक मित्र अपनी पत्नी के साथ घर आए। उनकी पत्नी टेलीविजन धारावाहिकों से जुड़ी थीं। उन्होंने यामी को अभिनय की दुनिया में आने के लिए प्रोत्साहित किया और उनकी तस्वीरें मुंबई के निर्माण संस्थानों तक पहुंचाईं। इसके बाद यामी ने मॉडलिंग और छोटे पर्दे से अपने करियर की शुरुआत की।

उन्होंने चांद के पार चलो, राजकुमार आर्यन और ये प्यार ना होगा कम जैसे धारावाहिकों में काम किया। इसके बाद कन्नड़ फिल्म उल्लासा उत्साहा से बड़े पर्दे पर कदम रखा। हिंदी सिनेमा में उन्हें असली पहचान फिल्म श्विक्की डोनरश् से मिली।

असफलताओं ने तोड़ा हौसला, अभिनय छोड़ने का बना लिया था मन

शुरुआती सफलता के बाद यामी के करियर में चुनौतियां भी आईं। टोटल सियापा, एक्शन जैक्सन, सनम रे, जुनूनियत, सरकार 3 और बत्ती गुल मीटर चालू जैसी फिल्मों से उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली। दमदार भूमिकाओं की कमी और फिल्मी दुनिया में अपनी जगह बनाने की जद्दोजहद ने उन्हें निराश किया।

एक दौर ऐसा भी आया जब उन्होंने अभिनय छोड़कर हिमाचल प्रदेश लौटने का विचार किया। उन्होंने वहां खेती की जमीन भी खरीदी थी और एक नई जिंदगी शुरू करने की योजना बनाई थी। उनके माता-पिता ने भी उनके फैसले का समर्थन किया।

उरी और बाला ने बदली किस्मत, राष्ट्रीय पुरस्कार तक पहुंचीं

हालांकि, यामी ने हार नहीं मानी। वर्ष 2019 में आई उरीः द सर्जिकल स्ट्राइक और बाला ने उनके करियर को नई ऊंचाई दी। इसके बाद आर्टिकल 370 में उनके अभिनय को भी खूब सराहना मिली। इस फिल्म के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला।

आईएएस बनने का सपना देखने वाली चंडीगढ़ की एक शर्मीली लड़की का राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री तक पहुंचना इस बात की मिसाल है कि जिंदगी में रास्ते बदल सकते हैं, लेकिन मेहनत और हौसला मंजिल तक पहुंचाने की ताकत रखते हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें