शुक्रवार, 27 नवंबर 202609:40:30 AM
Download App
Home/देश

रामायण पर छिड़ी महाभारत, : सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, दो टूक कहा- अदातल का समय न करें जाया

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 27, 2026
07:25 AM
सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, दो टूक कहा- अदातल का समय न करें जाया

नई दिल्ली। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत बहुचर्चित फिल्म रामायण पार्ट-1 को लेकर शुरू हुआ विवाद अब शीर्ष अदालत की दहलीज तक पहुंच गया है। फिल्म पर महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण के तथ्यों से कथित छेड़छाड़ और दर्शकों को गुमराह करने के आरोप लगाते हुए जनहित याचिका दाखिल की गई है। याचिकाकर्ता ने मामले में तत्काल सुनवाई की मांग है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने फिल्म के रीलीज होने का हवाला देते हुए शीघ्र सुनवाई से इनकार कर दिया।

मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य न्यायाधीश ने फिल्म के पहले ही प्रदर्शित हो जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग इसे देखना चाहते थे, वे देख चुके हैं। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने दलील दी कि फिल्म में रामायण से जुड़े कई तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

याचिकाकर्ता को मिली नसीहत

इस पर न्यायमूर्ति बागची ने टिप्पणी की कि फिल्म निर्माताओं ने महाकाव्य को अपनी समझ और दृष्टिकोण के अनुसार प्रस्तुत किया है। यदि याचिकाकर्ता की रामायण को लेकर अलग समझ है तो वह भी अपनी दृष्टि से फिल्म बना सकते हैं। अदालत ने अधिवक्ता से यह भी कहा कि न्यायालय का समय बर्बाद नहीं किया जाना चाहिए। इस तरह सर्वोच्च न्यायालय ने फिलहाल मामले में तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार नहीं की।

रायपुर के अधिवक्ता ने दाखिल की जनहित याचिका

दरअसल, यह मामला छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के अधिवक्ता मनोज सिंह ठाकुर की ओर से दाखिल जनहित याचिका से जुड़ा है। उन्होंने 19 नवंबर को सर्वोच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी। इसमें फिल्म के निर्माताओं, निर्देशक, कलाकारों और केंद्र सरकार के संबंधित विभागों को पक्षकार बनाया गया है।

याचिका में प्राइम फोकस स्टूडियोज, मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स, निर्माता नमित मल्होत्रा और यश, निर्देशक नितेश तिवारी तथा लेखक श्रीधर राघवन और श्रेयस जैन के नाम शामिल हैं। इसके अलावा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड को भी पक्षकार बनाया गया है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें