शुक्रवार, 27 नवंबर 202609:40:28 AM
Download App
Home/देश

कीमती धातुओं ने फिर पकड़ी रफ्तार : चांदी की चमक ने चौंकाया, सोने ने 3,100 रुपए की लगाई छलांग

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 27, 2026
07:52 AM
चांदी की चमक ने चौंकाया, सोने ने 3,100 रुपए की लगाई छलांग

नई दिल्ली। लगातार कई कारोबारी सत्रों से जारी भारी गिरावट के बाद सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सोने-चांदी की कीमतों में तूफानी वापसी देखने को मिली। इतना ही नहीं, चांदी की चमक सोने से भी ज्यादा देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर सोने ने जहां 3,100 रुपये की छलांग लगाई। वहीं चांदी 8,300 रुपए तक उछल गई। कीमती धातुओं की कीमतों में उछाल ने निवेशकों ने थोड़ी राहत की सांस ली।

सोने ने लगाई 3,100 रुपये की छलांग

एमसीएक्स पर दिसंबर वायदा वाला सोना पिछले कारोबारी सत्र के 1,22,272 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद भाव के मुकाबले 2,028 रुपये की बढ़त के साथ 1,24,300 रुपए पर खुला। कारोबार के दौरान इसमें तेजी और बढ़ी तथा कीमत करीब 3,100 रुपए यानी 2.6 प्रतिशत उछलकर 1,25,400 रुपये के आसपास पहुंच गई। सोने ने दिन का उच्चतम स्तर 1,25,410 रुपए प्रति 10 ग्राम छुआ। हालिया गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले भाव पर खरीदारी शुरू की, जिसका सीधा असर सोने की कीमतों पर दिखाई दिया।

1,54,150 रुपए पर पहुंची चांदी

चांदी में सोने से भी ज्यादा तेजी देखने को मिली। एमसीएक्स पर दिसंबर वायदा चांदी पिछले बंद भाव 1,45,843 रुपये प्रति किलोग्राम से 5,833 रुपये की बढ़त के साथ 1,51,676 रुपये पर खुली। इसके बाद कीमतों में और उछाल आया और चांदी करीब 8,300 रुपये यानी 5.70 प्रतिशत बढ़कर 1,54,150 रुपये के आसपास पहुंच गई। कारोबार के दौरान इसने 1,54,251 रुपये प्रति किलोग्राम का उच्चतम स्तर छुआ।

अंतरराष्ट्रीय बाजार से भी मिला सहारा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती दिखाई दी। कॉमेक्स पर सोना करीब 3,659 डॉलर प्रति औंस और चांदी 44.10 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करती नजर आई। डॉलर में नरमी और शेयर बाजारों में सुधार से निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता बढ़ी, जिसका फायदा कीमती धातुओं को मिला।

आगे तेजी या फिर गिरावट? फेड के फैसले पर नजर

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, हालिया तेजी फिलहाल तकनीकी सुधार का संकेत है। अमेरिकी अर्थव्यवस्था के मजबूत आंकड़े और फेडरल रिजर्व की सख्त नीतियां आगे सोने-चांदी की तेजी को प्रभावित कर सकती हैं। घरेलू बाजार में सोने के लिए 1,26,300 से 1,27,000 रुपये का स्तर महत्वपूर्ण प्रतिरोध माना जा रहा है, जबकि चांदी के लिए 1,56,000 से 1,58,000 रुपये का दायरा अहम है।

उधर, मध्य पूर्व में आपूर्ति संबंधी चिंताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी भी घरेलू बाजार को प्रभावित कर रही है। ऐसे में निवेशकों की निगाहें अब वैश्विक संकेतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के अगले फैसले पर टिकी हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें