शुक्रवार, 27 नवंबर 202609:40:32 AM
Download App
Home/देश

मप्र में सर्दी का सितम शुरू : 10 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंचा, बीती रात कटनी का करौंदी रहा सबसे ठंडा, राजधानी भी कांपी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 27, 2026
06:54 AM
10 शहरों का पारा 10 डिग्री से नीचे पहुंचा, बीती रात कटनी का करौंदी रहा सबसे ठंडा, राजधानी भी कांपी

भोपाल। मध्य प्रदेश में सर्दी ने अब अपना तीखा तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। नवंबर के आखिरी सप्ताह में सूबे के कई शहर कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। हालात यह है कि 10 शहरों का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। बीती रात कटनी जिले का करौंदी सबसे ठंडा रहा है। यहां का पारा 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि भोपाल पारा 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भोपाल समेत चार जिलों में शीतलहर चलने का अलर्ट जारी किया है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और वहां से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में तापमान गिर रहा है। अगले दो दिनों में रात के तापमान में करीब दो डिग्री तक और गिरावट होने का अनुमान है। ऐसा हुआ तो प्रदेश के ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है। सुबह धुंध और दिन में ठंडी हवाओं का असर भी बना रहेगा।

करौंदी सबसे ठंडा, कई जिलों में 10 डिग्री से नीचे पारा

प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। दमोह में पारा 7 डिग्री, शहडोल में 7.4 डिग्री और रीवा में 9 डिग्री तक पहुंच गया। जबलपुर में भी न्यूनतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर सहित प्रदेश के 19 अन्य शहरों में भी तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सुबह के समय ठंडी हवाओं और रात में गिरते पारे ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।

चार जिलों में शीतलहर का अलर्ट, सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग (आईएमडी) ने भोपाल, शाजापुर, दमोह और कटनी में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे लोगों को ठंड से बचाव करना चाहिए।

अभी और सताएगी सर्दी, गर्म कपड़ों का सहारा

मौसम में आई इस तेजी से गिरावट के चलते सुबह की सैर करने वालों और रात में बाहर निकलने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ने लगी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार फिलहाल अगले दो से तीन दिनों तक ठंड का असर बने रहने की संभावना है।

नवंबर के अंतिम दिनों में ही प्रदेश के कई शहरों में तापमान का 10 डिग्री से नीचे पहुंचना इस बात का संकेत है कि सर्दी अब अपने तेवर दिखाने लगी है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को ठंड के और तीखे दौर का सामना करना पड़ सकता है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें