शुक्रवार, 27 नवंबर 202609:40:29 AM
Download App
Home/देश

नोट गिनने वाले नहीं गिन पाएंगे नियुक्तियां, : सैफेई सिंडीकेट पर यूपी सीएम ने ऐसा किया वार, 1,594 युवा बने सरकारी सेवक

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 27, 2026
07:39 AM
सैफेई सिंडीकेट पर यूपी सीएम ने ऐसा किया वार, 1,594 युवा बने सरकारी सेवक

लखनऊ। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,594 लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक और 1,393 सहायक लेखाकार शामिल हैं। नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने सजामवादी पार्टी पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नोट गिनने वाले नियुक्ति की स्पीड क्या गिनेंगे।

सीएम योगी ने दावा किया कि वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश के 9.70 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। हमारी सरकार जिस रफ्तार से नियुक्ति पत्र बांट रही है, उसे सैफई सिंडिकेट गिन नहीं पाएगा, क्योंकि उसे नोट गिनने के अलावा कुछ और गिनना आता ही नहीं है। योगी ने घोषणा की कि अगले सप्ताह आठ हजार लेखपाल, 42 हजार होमगार्ड और शिक्षा आयोग के दो हजार चयनित अभ्यर्थियों सहित करीब 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार की भर्तियां समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के कार्यकाल में हुई कुल भर्तियों से दोगुने से भी अधिक हैं।

पिछली सरकारों पर भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस समय नौकरियों में सिफारिश और वसूली का बोलबाला था। उन्होंने चाचा-भतीजे की जोड़ी पर निशाना साधते हुए कहा कि विज्ञापन निकलते ही वसूली शुरू हो जाती थी। परीक्षा कोई देता था और नियुक्ति पत्र कोई दूसरा लेकर पहुंच जाता था।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार में बिना सिफारिश और लेन-देन के योग्यता के आधार पर नियुक्तियां हो रही हैं। थारू जनजाति के युवाओं से लेकर सामान्य परिवारों के अभ्यर्थियों तक को समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मेरिट का अपमान महापाप है और नियुक्ति पत्र युवाओं के परिश्रम का सम्मान है।

नवनियुक्त कर्मचारियों को ईमानदारी की सीख

योगी ने लेखा परीक्षकों और सहायक लेखाकारों को वित्तीय शुचिता का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि किसी वरिष्ठ अधिकारी या सरकार के दबाव में गलत फाइल पर हस्ताक्षर नहीं करें। उन्होंने गोमती नदी तट विकास परियोजना और जेपीएनआईसी के निर्माण में कथित वित्तीय अनियमितताओं का उल्लेख करते हुए पिछली सरकारों पर निशाना साधा।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें