शुक्रवार, 27 नवंबर 202609:40:28 AM
Download App
Home/विदेश

निर्णायक दौर में भारत-अमेरिका ट्रेड डील : पियूष गोयल ने दिए बड़े संकेत, ईयू एफटीए भी जल्द होगा साइन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 27, 2026
07:10 AM
पियूष गोयल ने दिए बड़े संकेत, ईयू एफटीए भी जल्द होगा साइन

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से प्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (ट्रेड डील) को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिति 2026 को संबोधित करते हुए केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने संकेत दिए हैं कि दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता अब निर्णायक दौर में पहुंच चुका है। जल्द ही इस पर मुहर लग सकती है। इस दौरान उन्होंने यह भी दावा कि इस साल के आखिरी तक ईयू एफटीए पर भी साइन हो जाएंगे और अगले साल मार्च या अप्रैल में ट्रेड डील लागू हो जाएगी।

टैरिफ विवाद के बीच समझौते की राह हुई आसान

इंडिया डेट कैपिटल मार्केट समिट 2026 को वर्चुअली संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने बताया कि अब तक जिन प्रक्रियागत अड़चनों के कारण बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही थी, उनका रास्ता स्पष्ट होता दिखाई दे रहा है।सरल शब्‍दों में कहें तो भारत और अमेरिका व्‍यापार समझौते के बीच आने वाली बाधा अब खत्‍म हो गई है और जल्‍द ही डील को लेकर ऐलान हो सकते हैं।

गोयल का बयान इसलिए भी है अहम

बता दें कि पियूष गोयल का यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अमेरिका ने हाल ही में भारत से आयात होने वाले कुछ उत्पादों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। अमेरिकी प्रशासन ने विनिर्माण क्षेत्र में कथित संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता से जुड़े मुद्दों पर जांच के बाद यह कदम उठाया है। हालांकि भारत ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।

यूरोपीय संघ के साथ भी एफटीए की तैयारी

वाणिज्य मंत्री ने यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को लेकर भी सकारात्मक उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के अंत तक समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है और इसे अगले वर्ष मार्च या अप्रैल तक लागू किया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो भारतीय उद्योगों, निर्यातकों और सेवा क्षेत्र को यूरोपीय बाजारों में नए अवसर मिल सकते हैं।

1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात का लक्ष्य, आर्थिक संकेतकों में मजबूती

पीयूष गोयल ने भारत के निर्यात प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि देश 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मई में निर्धारित इस लक्ष्य को शुरुआत में कई लोगों ने महत्वाकांक्षी सपना माना था, लेकिन पिछले सात महीनों में निर्यातकों, उद्योगों, सेवा प्रदाताओं, कृषि और मत्स्य क्षेत्र ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया है।

उन्होंने अक्टूबर में जीएसटी संग्रह के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने और एक महीने में 90 अरब डॉलर के निर्यात का नया रिकॉर्ड बनने का भी उल्लेख किया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें