गुरुवार, 5 नवंबर 202602:04:28 PM
Download App
Home/देश

बार-बार फेल होने वाला छात्र.... : राहुल पर यूपी सीएम ने ऐसे किया कटाक्ष, कांग्रेस और सपा पर भी बोला हमला

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 05, 2026
11:11 AM
राहुल पर यूपी सीएम ने ऐसे किया कटाक्ष, कांग्रेस और सपा पर भी बोला हमला

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजियाबाद में भाजपा की लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा को संबोधित किया। इस दौरान उनके निशाने कांग्रेस और इंडिया ब्लाॅक रहा। सीएम योगी ने विपक्ष पर परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी दल लोकतंत्र बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपने परिवारों को बचाने के लिए एकजुट हुए थे। जनता इन दलों की सच्चाई अच्छी तरह जानती है।

राहुल गांधी पर कसा तंज, ईवीएम को लेकर घेरा

सीएम योगी ने राहुल गांधी को अपने निशाने पर लेते हुए उनकी तुलना ऐसे छात्र से की, जो बार-बार परीक्षा में फेल होने के बाद अपनी गलती स्वीकार करने के बजाय कॉपी बदलने का आरोप लगाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो इसे अपनी उपलब्धि बताती है, लेकिन हारने पर ईवीएम, चुनाव आयोग और एसआईआर को जिम्मेदार ठहराने लगती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक कमजोरियों का विश्लेषण करने के बजाय लोकतंत्र की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही है।

1975 की इमरजेंसी का दिलाया याद

सीएम योगी ने कांग्रेस को आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि जिस पार्टी ने 1975 में देश में आपातकाल लगाया था, वह आज लोकतंत्र पर उपदेश दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल जनता के जनादेश को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।

राम मंदिर और 1984 के दंगों पर कांग्रेस को घेरा

योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का जिक्र करते हुए कहा कि 500 वर्षों के इंतजार के बाद रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजमान हुए, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल नहीं हुए। उन्होंने एक नवंबर को कांग्रेस की दिल्ली रैली आयोजित होने पर भी सवाल उठाए और 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाकर कांग्रेस को घेरा।

सपा पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में सपा की सरकारों के दौरान दंगे, अराजकता और कर्फ्यू जैसी स्थितियां देखने को मिलीं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता के बीच भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। योगी ने कहा कि भाजपा विपक्ष की राजनीति को जनता के सामने उजागर करने के लिए देशभर में अभियान चला रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें