‘दंगल’ की छोटी गीता फोगाट से बॉलीवुड छोड़ने तक, : ऐसा रहा जायरा वसीम का सफर

Entertainment Desk | बॉलीवुड में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने बेहद कम उम्र में अपनी अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। इन्हीं में एक नाम जायरा वसीम का भी है। आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाली जायरा ने पहली ही फिल्म से अपनी पहचान बना ली थी। उन्हें अपने अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया। हालांकि, जब उनका फिल्मी करियर आगे बढ़ रहा था, तभी उन्होंने बॉलीवुड छोड़ने का फैसला कर सभी को चौंका दिया।

स्कूल के नाटक से शुरू हुआ अभिनय का सफर
जायरा वसीम का जन्म 23 अक्टूबर 2000 को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई भी कश्मीर में हुई। बचपन से ही उन्हें अभिनय में दिलचस्पी थी। आठवीं कक्षा में स्कूल के एक नाटक में हिस्सा लेने के दौरान उनकी प्रतिभा सामने आई। जायरा के एक इंटरव्यू के मुताबिक, उनके प्रिंसिपल ने उनकी अभिनय क्षमता को पहचाना और बाद में एक कास्टिंग डायरेक्टर के सामने उनका नाम सुझाया। इसके बाद जायरा को विज्ञापनों में काम करने का मौका मिला। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट के मोबाइल फोन और टाटा स्काई जैसे ब्रांड के विज्ञापनों में भी काम किया।
‘दंगल’ ने दिलाई देशभर में पहचान
जायरा के करियर का सबसे बड़ा मोड़ साल 2016 में आया, जब उन्हें आमिर खान की फिल्म ‘दंगल’ में काम करने का मौका मिला। पहलवान महावीर सिंह फोगाट और उनकी बेटियों के जीवन से प्रेरित इस फिल्म में जायरा ने युवा गीता फोगाट की भूमिका निभाई थी। उनके अभिनय को दर्शकों और समीक्षकों ने सराहा।

फिल्म की सफलता के बाद जायरा को साल 2017 में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। कम उम्र में यह सम्मान हासिल करना उनके करियर की बड़ी उपलब्धि थी।
‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में भी दिखाया दमदार अभिनय
‘दंगल’ के बाद जायरा साल 2017 में फिल्म ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ में नजर आईं। इसमें उन्होंने इंशिया नाम की एक लड़की का किरदार निभाया, जो गायिका बनना चाहती है, लेकिन पारिवारिक बंदिशों के बीच अपने सपनों को पूरा करने के लिए संघर्ष करती है। फिल्म में जायरा के अभिनय को काफी सराहना मिली और उन्होंने एक बार फिर दर्शकों का ध्यान खींचा।

‘द स्काई इज पिंक’ के बाद बॉलीवुड से बनाई दूरी
साल 2019 में जायरा वसीम प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर के साथ फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ में नजर आईं। इसमें उन्होंने आयशा चौधरी की भूमिका निभाई थी। हालांकि, इसी साल उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट साझा कर फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का ऐलान कर दिया।
जायरा ने अपने पोस्ट में बताया था कि अभिनय की दुनिया में आने के बाद उन्हें महसूस हुआ कि उनका रिश्ता अपने धर्म और ईमान से प्रभावित हो रहा है। उन्होंने अपने विश्वास के अनुरूप फिल्मी दुनिया से दूरी बनाने का फैसला किया। उनके इस निर्णय पर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई। जहां कुछ लोगों ने उनके फैसले का समर्थन किया, वहीं कुछ ने सवाल भी उठाए।
फिल्मों से दूर, निजी जिंदगी पर ध्यान
फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने के बाद जायरा ने अभिनय से दूरी बनाए रखी। वह सोशल मीडिया पर भी अपनी निजी जिंदगी को सीमित रूप से साझा करती हैं। साल 2025 में उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने निकाह की जानकारी भी दी थी।
‘दंगल’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत करने और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार हासिल करने से लेकर फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने तक, जायरा वसीम का सफर बॉलीवुड की चर्चित कहानियों में से एक रहा है।
पलक गीते
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
