मप्र में राज्यसभा उपचुनाव का बिगुल, : 12 नवंबर को होगा मतदान, 2 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रकिया, एल. मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट

भोपाल। भाजपा नेता एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली हुई मध्य प्रदेश राज्यसभा की सीट को भरने के लिए उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार, राज्यसभा उपचुनाव की अधिसूचना 26 अक्टूबर को जारी की जाएगी। वहीं 12 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। इसी दिन मतगणना भी होगी और चुनाव परिणाम सामने आने की उम्मीद है।
यह सीट केंद्रीय मंत्री रहे डॉ. एल. मुरुगन द्वारा इस्तीफा देने के कारण रिक्त हुई है। उन्होंने बीते 14 अक्टूबर को अपने पद और राज्यसभा की सदस्यता दोनों से इस्तीफा दे दिया है। उनका कार्यकाल अप्रैल 2030 तक निर्धारित था, लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले इस्तीफा देने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी। मुरुगन के इस्तीफे के बाद से मध्य प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में इस उपचुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई थी, जिस पर अब निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी गई है।
26 अक्टूबर को जारी होगी चुनाव की अधिसूचना
26 नवंबर को अधिसूचना जारी होने के बाद उम्मीदवारों के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 2 नवंबर तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 3 नवंबर को की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। नाम वापसी की अंतिम तारीख 5 नवंबर निर्धारित की गई है। इन सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने के बाद चुनावी मैदान में उतरने वाले उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो जाएगी।
सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा मतदान
राज्यसभा की इस रिक्त सीट के लिए 12 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू होगी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज
मध्य प्रदेश विधानसभा के संख्या बल को देखते हुए इस सीट पर सत्ताधारी दल की स्थिति मजबूत मानी जा रही है, जिसके चलते राजनीतिक दलों में संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। 12 नवंबर को होने वाले मतदान और मतगणना के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी कि उच्च सदन में इस सीट पर किसका प्रतिनिधित्व होगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
