आगर रहेंगे या जाएंगे 15 दिन में होगा फैसला : चीफ सेलेक्टर को लेकर बीसीसीआई सचिव का बड़ा बयान, 4 अक्टूबर को खत्म होगा कार्यकाल

मुंबई। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की 95वीं सालाना आम बैठक (एजीएम) के बाद सचिव देवजीत सैकिया ने कई अहम मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट की। सबसे ज्यादा चर्चा सीनियर पुरुष टीम के चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर रही। सैकिया ने कहा कि अगरकर के कार्यकाल को लेकर अगले 15 दिनों के भीतर फैसला लिया जाएगा।
अगरकर के कार्यकाल पर जल्द होगा फैसला
अजीत अगरकर जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर बने थे। उनके कार्यकाल के दौरान भारतीय टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। भारत 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल तक पहुंचा, जबकि टीम ने 2024 टी20 विश्व कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया।
अगरकर का मौजूदा कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो रहा है। ऐसे में बीसीसीआई को आगामी बड़े टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए उनके भविष्य पर फैसला करना होगा। सैकिया ने कहा कि एजीएम में किसी व्यक्ति विशेष को लेकर चर्चा नहीं हुई और बोर्ड के पास अभी 15 दिन का समय है।
घरेलू अंपायरों की फीस में बड़ा बदलाव
एजीएम में घरेलू अंपायरों और मैच रेफरी के लिए भी अहम फैसला लिया गया। बीसीसीआई ने उनकी फीस और भत्तों में बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। सैकिया के मुताबिक, 2017-18 सत्र के बाद पहली बार मैच अधिकारियों की फीस में बदलाव किया गया है।
बोर्ड ने अंपायरों की श्रेणियों को भी नए सिरे से व्यवस्थित किया है। साथ ही प्रदर्शन के आधार पर प्रमोशन और डिमोशन की व्यवस्था लागू करने का फैसला किया गया है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले 10 अंपायरों को अगले स्तर पर प्रमोट किया जाएगा, जबकि प्रदर्शन के मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले 10 अंपायरों को निचले स्तर पर भेजा जा सकेगा।
रांची टेस्ट के वेन्यू में बदलाव की चर्चा खारिज
सैकिया ने 2027 में रांची में होने वाले बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी टेस्ट का वेन्यू बदलने की चर्चाओं को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड को अभी तक वेन्यू बदलने को लेकर कोई अनुरोध नहीं मिला है और इस पर बाद में फैसला लिया जाएगा।
जूनियर सिलेक्शन कमेटी भी जल्द बनेगी
बीसीसीआई सचिव ने बताया कि नई जूनियर पुरुष सिलेक्शन कमेटी के गठन की प्रक्रिया जारी है। बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं, जिन्हें क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी के पास भेजा जाएगा। इंटरव्यू प्रक्रिया के बाद अगले 10-15 दिनों में चयन प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं प्रस्तावित स्पोर्ट्स एक्ट को लेकर सैकिया ने कहा कि बीसीसीआई आधिकारिक नोटिफिकेशन का इंतजार करेगा। सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामले पर उन्होंने कहा कि बोर्ड अगली सुनवाई के दौरान 27 अक्टूबर को अपना पक्ष स्पष्ट करेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
