RCB का सुनहरा दौर जारी : विराट के विजयी छक्के ने दिलाई लगातार दूसरी IPL ट्रॉफी, अहमदाबाद में इतिहास रचा, गुजरात को 5 विकेट से हराकर बना चैंपियन

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने एक बार फिर IPL की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में RCB ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। जीत के सबसे बड़े नायक विराट कोहली रहे। उन्होंने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली और टीम को जीत तक पहुंचाया। अपनी इस बेहतरीन पारी के लिए कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
गुजरात ने दिया 155 रन का लक्ष्य
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी RCB ने गुजरात को बड़ा स्कोर बनाने का मौका नहीं दिया। गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान शुभमन गिल 10 रन, साई सुदर्शन 12 रन और निशांत सिंधु 20 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर भी सिर्फ 19 रन ही बना सके।

एक छोर पर वॉशिंगटन सुंदर जरूर डटे रहे और उन्होंने 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की पारी खेली। उनकी बदौलत गुजरात की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 155 रन बना सकी। RCB की ओर से रसिख सलाम सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 27 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट झटके।
कोहली और वेंकटेश की तेज शुरुआत
156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े। वेंकटेश अय्यर ने सिर्फ 16 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली। हालांकि उनके आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार और क्रुणाल पंड्या जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बावजूद विराट कोहली एक छोर पर टिके रहे और लगातार रन बनाते रहे।
टिम डेविड और जितेश का अहम योगदान
मिडिल ऑर्डर में टिम डेविड ने 17 गेंदों में 24 रन बनाकर कोहली का अच्छा साथ दिया। बाद में जितेश शर्मा ने भी अहम योगदान दिया। कोहली ने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए और RCB को 18 ओवर में ही जीत दिला दी। RCB ने 18 ओवर में 5 विकेट पर 161 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

दूसरी ट्रॉफी जीतने वाली तीसरी टीम बनी RCB
इस जीत के साथ RCB लगातार दो IPL खिताब जीतने वाली तीसरी टीम बन गई है। इससे पहले सिर्फ चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस ही लगातार दो बार IPL ट्रॉफी जीतने का कारनामा कर चुकी थीं। पिछले साल भी RCB ने इसी मैदान पर पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला IPL खिताब जीता था और अब टीम ने दूसरी बार भी ट्रॉफी अपने नाम कर ली है।

RCB की जीत के पीछे रहे ये बड़े कारण
विराट कोहली ने पूरे सीजन में 675 रन बनाए। फाइनल में भी उन्होंने टीम को जीत दिलाने वाली नाबाद 75 रन की पारी खेली। रजत पाटीदार, देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने पूरे सीजन लगातार रन बनाए और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और रसिख सलाम ने पूरे सीजन शानदार गेंदबाजी की।
फाइनल में भी गेंदबाजों ने गुजरात को बड़े स्कोर तक नहीं पहुंचने दिया। RCB सिर्फ एक खिलाड़ी पर निर्भर नहीं रही। पूरे सीजन अलग-अलग खिलाड़ियों ने मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई। रजत पाटीदार की कप्तानी और टीम का संतुलन RCB की सबसे बड़ी ताकत साबित हुआ। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में टीम मजबूत नजर आई।
वैभव सूर्यवंशी बने ऑरेंज कैप विजेता
सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। उनके बाद शुभमन गिल 732 रन और साई सुदर्शन 722 रन के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे।
RCB की इस जीत ने साबित कर दिया कि सिर्फ स्टार खिलाड़ियों के दम पर नहीं, बल्कि मजबूत टीम संयोजन, बेहतरीन कप्तानी और सामूहिक प्रदर्शन से ही चैंपियन बना जाता है। लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतकर बेंगलुरु ने IPL में अपनी नई पहचान बना ली है।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
