शुक्रवार, 30 अक्टूबर 202610:08:57 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

टीम इंडिया के लिए बुरी खबरः : न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे प्रसिद्ध, बीसीसीआई ने दिया बड़ा अपडेट

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 30, 2026
06:42 AM
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे प्रसिद्ध, बीसीसीआई ने दिया बड़ा अपडेट

मुंबई। न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 नवंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की वनडे सीरीज से पहले भारतीय क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा चोट के चलते पूरी वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। वह बाएं पैर की हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। बोर्ड ने उनके स्थान पर किसी नए खिलाड़ी के नाम का ऐलान नहीं किया है।

प्रसिद्ध कृष्णा को गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मुकाबले के दौरान चोट लगी थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ उनकी उपलब्धता फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर थी, लेकिन अब उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है।

इंडिया-ए टीम में शामिल होंगे प्रसिद्ध

बीसीसीआई के मुताबिक, प्रसिद्ध कृष्णा न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ तीसरे और आखिरी चार दिवसीय मुकाबले के लिए इंडिया-ए टीम में शामिल होंगे। हालांकि, उनका मैदान पर उतरना रिटर्न टू प्ले (त्ज्च्) जांच पास करने पर निर्भर करेगा। इस मैच से उन्हें दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले मैच अभ्यास का मौका मिल सकता है।

नीतीश रेड्डी भी पूरी वनडे सीरीज से बाहर

ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी को लेकर भी टीम प्रबंधन ने बड़ा फैसला लिया है। वह न्यूजीलैंड के खिलाफ केवल 4 नवंबर को होने वाला पहला वनडे खेलेंगे। इसके बाद 6 नवंबर से शुरू होने वाले तीसरे अनाधिकारिक टेस्ट के लिए इंडिया-ए टीम से जुड़ जाएंगे। इस फैसले के पीछे मुख्य उद्देश्य नीतीश को आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए तैयार करना है, जो 19 नवंबर से शुरू होगी।

मोहम्मद सिराज की इंडिया-ए टीम में वापसी

तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज 31 अक्टूबर से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ शुरू होने वाले दूसरे चार दिवसीय मुकाबले के लिए इंडिया-ए टीम से जुड़ेंगे। उनके अनुभव से टीम को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें