शुक्रवार, 13 नवंबर 202611:57:16 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

खेल प्रतिभाओं का सम्मान : महामहिम ने 15 सितारों को अर्जुन अवार्ड से नवाजा, पांच कोचों को भी मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 13, 2026
08:26 AM
महामहिम ने 15 सितारों को अर्जुन अवार्ड से नवाजा, पांच कोचों को भी मिला द्रोणाचार्य पुरस्कार

नई दिल्ली। भारतीय खेल जगत के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2025 प्रदान किए। इस दौरान देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाले खिलाड़ियों, अनुभवी कोचों और खेलों को बढ़ावा देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया गया। डेकाथलॉन एथलीट तेजस्विन शंकर और फिडे महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख समेत 15 अन्य खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। समारोह में विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं की उपलब्धियों को सम्मान मिला।

तेजस्विन शंकर और दिव्या देशमुख की ऐतिहासिक उपलब्धियों को सलाम

अर्जुन पुरस्कार पाने वालों में तेजस्विन शंकर और दिव्या देशमुख प्रमुख रहे। तेजस्विन ने कॉमनवेल्थ गेम्स की डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा था। वह इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने।

वहीं, दिव्या देशमुख ने फिडे महिला विश्व कप 2025 का खिताब जीतकर भारतीय शतरंज में नया इतिहास बनाया। वह यह प्रतिष्ठित खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। बाकू में खेले गए फाइनल में उन्होंने भारत की दिग्गज खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को रैपिड टाई-ब्रेक में 1.5-0.5 से हराया था।

इन खिलाड़ियों को भी मिला अर्जुन पुरस्कार

अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित अन्य खिलाड़ियों में मुहम्मद अजमल वरियाथोडी, प्रियंका गोस्वामी, मुक्केबाज नरेंद्र, शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती, पैरा शूटर धनुष श्रीकांत, हॉकी खिलाड़ी लालरेमसियामी ह्मार्जोर्ट और राजकुमार पाल शामिल हैं।

इसके अलावा कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा, पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल, पैरा एथलीट एकता भ्यान, रोवर अरविंद सिंह और शूटर अखिल श्योराण को भी सम्मानित किया गया।

बैडमिंटन की चर्चित महिला डबल्स जोड़ी त्रिशा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। दोनों जापान मास्टर्स टूर्नामेंट के लिए जापान में हैं।

इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार लाइफटाइम सम्मान

अनुभवी भारतीय फुटबॉलर इसायाह अरुमाइनयागम को अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार उन खिलाड़ियों को दिया जाता है, जिन्होंने अपने सक्रिय खेल करियर के दौरान उत्कृष्ट योगदान दिया हो और संन्यास के बाद भी खेलों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हो।

पांच कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार

खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तैयार करने में अहम योगदान देने वाले पांच कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार प्रदान किया गया। इनमें एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और धर्मेंद्र सिंह यादव, शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण तथा कुश्ती कोच वीरेंद्र कुमार शामिल हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें