IPL 2026: अभिषेक शर्मा का शानदार शतक : हैदराबाद ने दिल्ली को किया ध्वस्त

आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 47 रन से मात दी। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया, जहां बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को शुरुआती ओवरों में ही झटका लगा, जब सनराइजर्स के ओपनर अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने आक्रामक शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़ दिए। हेड ने 26 गेंदों में 37 रन बनाए, लेकिन असली धमाका अभिषेक शर्मा ने किया।
अभिषेक ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 47 गेंदों में शतक पूरा किया और 68 गेंदों में नाबाद 135 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 10 चौके और 10 छक्के शामिल रहे। आखिरी ओवरों में हेनरिक क्लासेन ने भी तेजी दिखाते हुए 13 गेंदों में 37 रन बनाकर टीम का स्कोर 20 ओवर में 242 तक पहुंचा दिया।
243 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने जल्दी ही पहला विकेट गंवा दिया। इसके बाद केएल राहुल और नितीश राणा ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी हुई। राहुल ने 37 रन और राणा ने 57 रन बनाए।
मिडिल ऑर्डर में समीर रिजवी ने 41 रन की उपयोगी पारी खेली, लेकिन बढ़ते रनरेट के दबाव में दिल्ली की टीम मुकाबले में पीछे रह गई और 20 ओवर में 195 रन ही बना सकी।
गेंदबाजी में सनराइजर्स हैदराबाद के ईशान मलिंगा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि हर्ष दुबे ने 3 विकेट हासिल किए। उनके इस प्रदर्शन ने टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली, जबकि दिल्ली कैपिटल्स को एक और हार का सामना करना पड़ा।
आलोक त्रिपाठी
खबरों की खोज जारी है। ग्राउंड रिपोर्टिंग में दिलचस्पी। मध्य प्रदेश की खबरनवीसी का खास शौक।
