विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी : थाईलैंड को 7-0 से रौंदकर भारत सेमीफाइनल में, दीपिका की हैट्रिक से भोपाल में गूंजा जीत का जश्न, 24 नवंबर को चीन से भिड़ेगी मेजबान टीम

भोपाल। गत चैंपियन भारतीय महिला हॉकी टीम ने विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए रविवार को थाईलैंड को 7-0 से करारी शिकस्त दी। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेले गए मुकाबले में भारत की ओर से दीपिका ने शानदार हैट्रिक लगाई, जबकि नवनीत कौर ने दो गोल दागे। मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने भी एक-एक गोल कर जीत में योगदान दिया। इस धमाकेदार जीत के साथ भारत ने लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
तीन मैच, तीन जीत और नौ अंक
भारतीय टीम ने अब तक खेले गए तीनों मुकाबलों में जीत हासिल कर नौ अंक जुटाए हैं। भारत का गोल अंतर +11 पहुंच गया है, जबकि समान अंकों के साथ दूसरे स्थान पर मौजूद जापान का गोल अंतर +6 है। दोनों टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश कर चुकी हैं, जबकि राउंड रॉबिन चरण के दो मुकाबले अभी बाकी हैं। चीन और मलेशिया के चार-चार अंक हैं। बेहतर गोल अंतर के कारण चीन फिलहाल मलेशिया से आगे है। भारत का अगला मुकाबला 24 नवंबर को चीन से होगा। सोमवार को टूर्नामेंट में विश्राम दिवस रहेगा।
पहले क्वार्टर में ही भारत ने दिखाई ताकत
मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाया। चौथे मिनट में मिले पेनाल्टी स्ट्रोक को नवनीत कौर ने गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। इसके बाद 10वें मिनट में दीपिका ने पेनाल्टी कॉर्नर पर शानदार गोल किया। अगले ही मिनट उन्होंने एक और सेट पीस को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। शुरुआती 11 मिनट में तीन गोल कर भारतीय टीम ने थाईलैंड पर दबाव बना दिया।
मुमताज और टोप्पो ने भी दिखाया दम
दूसरे क्वार्टर में थाईलैंड ने रक्षात्मक खेल बेहतर किया, लेकिन भारतीय टीम का दबदबा कायम रहा। 28वें मिनट में ऋतुजा दादासो पिसल और नवनीत के बेहतरीन तालमेल से बने हमले को मुमताज खान ने गोल में बदल दिया। इसके बाद 32वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत की बढ़त 5-0 कर दी। मध्यांतर तक भारतीय टीम पूरी तरह मुकाबले पर नियंत्रण बनाए हुए थी।
आखिरी मिनटों में दीपिका की हैट्रिक
तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय खिलाड़ियों ने गेंद पर नियंत्रण और आक्रमण का सिलसिला जारी रखा। थाईलैंड की टीम भारतीय रक्षापंक्ति को भेदने में नाकाम रही। मैच के 56वें मिनट में दीपिका ने पेनाल्टी कॉर्नर पर अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। इसके बाद नवनीत कौर ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर भारत की जीत 7-0 कर दी।
मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को 3-1 से पराजित किया। मलेशिया की ओर से नूरमाइजातुल सयाफी, नूरामिरा जुल्किफली और सिटी मोहम्मद ने गोल किए, जबकि दक्षिण कोरिया के लिए सेउंगह्वा मुन ने एकमात्र गोल किया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
