रविवार, 13 सितंबर 202604:41:11 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

जूनियर एशिया कप महिला हॉकी : भारत की बेटियों का फाइनल में धमाकेदार प्रवेश, सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से रौंदा

admin

admin

Sep 12, 2026
10:11 AM
भारत की बेटियों का फाइनल में धमाकेदार प्रवेश, सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 5-1 से रौंदा

मोकी (चीन)। जूनियर एशिया कप महिला हॉकी में मौजूदा चैंपियन भारत का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है। इतना ही नहीं शनिवार को एएचएफ जूनियर विमेंस एशिया कप सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को रौंदकर भारत ने फाइनल का भी टिकट कटा लिया है। देश की बेटियों ने एकतरफा अंदाज में दक्षिण को 5-1 से करारी शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। भारत की जीत की सबसे बड़ी स्टार ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ सुप्रिया रहीं, जिन्होंने पेनल्टी कॉर्नर पर तीन शानदार गोल दागकर हैट्रिक पूरी की। अब फाइनल में भारत का सामना मेजबान चीन और जापान के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।

पहले क्वार्टर में संभलकर खेला भारत, 13वें मिनट में खुला खाता

मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमों ने सतर्क रुख अपनाया। शुरुआती मिनटों में भारत और दक्षिण कोरिया ने ज्यादा जोखिम लेने से परहेज किया। लेकिन भारतीय टीम ने धीरे-धीरे अपनी पकड़ मजबूत करनी शुरू की। 13वें मिनट में मधु सिदार ने शानदार अटैकिंग मूव को गोल में तब्दील कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इस गोल के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास और बढ़ गया।

सुप्रिया का पहला वार, फिर सुखवीर ने किया कमाल

दूसरे क्वार्टर में भारत ने कोरियाई डिफेंस पर लगातार दबाव बनाया। 17वें मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और सुप्रिया ने अपनी खास ड्रैग-फ्लिक का शानदार नमूना पेश करते हुए गेंद को गोल में पहुंचा दिया। भारत ने 3-0 की बढ़त हासिल करने में ज्यादा वक्त नहीं लगाया। 21वें मिनट में कोरियाई 23-मीटर एरिया में शानदार एरियल बॉल के जरिए भारत ने खतरनाक अटैक बनाया। इसके बाद मिले क्रॉस पर सुखवीर कौर ने बेहतरीन फिनिशिंग करते हुए स्कोर 3-0 कर दिया।

हाफ टाइम तक भारत का दबदबा, कोरिया बेबस

तीन गोल से पिछड़ने के बाद दक्षिण कोरिया ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने उसके हर प्रयास को नाकाम कर दिया। हाफ टाइम तक भारत ने अपनी 3-0 की मजबूत बढ़त बरकरार रखी। तीसरे क्वार्टर में भी भारत ने आक्रामक तेवर जारी रखे। 33वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और सुप्रिया ने फिर से ड्रैग-फ्लिक के जरिए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। यह उनका मैच में दूसरा गोल था और भारत की बढ़त 4-0 हो गई।

कोरिया ने दागा एक गोल, लेकिन भारत की रफ्तार नहीं थमी

दक्षिण कोरिया को आखिरकार 41वें मिनट में सफलता मिली। यूरी जियोंग ने सेट-पीस के जरिए गोल कर स्कोर 4-1 कर दिया। इस गोल से कोरियाई टीम को वापसी की उम्मीद जरूर जगी, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने मैच पर अपनी पकड़ ढीली नहीं होने दी। भारत ने डिफेंस को मजबूत करने के साथ-साथ काउंटर-अटैक और सेट-पीस के जरिए लगातार खतरा बनाए रखा।

सुप्रिया की हैट्रिक पूरी, भारत ने फाइनल में मारी एंट्री

मुकाबले के 56वें मिनट में भारत को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला। एक बार फिर जिम्मेदारी सुप्रिया के कंधों पर थी और उन्होंने कोई गलती नहीं की। उनकी शानदार ड्रैग-फ्लिक ने गोल का रूप लिया और उन्होंने अपना तीसरा गोल दागकर हैट्रिक पूरी कर ली। इसके साथ ही भारत ने दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराकर फाइनल में जोरदार एंट्री कर ली। अब मौजूदा चैंपियन टीम के सामने खिताब बचाने की आखिरी चुनौती है।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें