गुरुवार, 13 अगस्त 202607:07:54 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

डर्बिन टेस्ट : बांग्लादेश तेज गेंदबाजों के सामने नतमस्तक हुए कंगारू बल्लेबाज, हसन महमूद ने बरपाया कहर, महज 198 रन पर ढेर हुई ऑस्ट्रेलियाई टीम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 13, 2026
08:12 AM
बांग्लादेश तेज गेंदबाजों के सामने नतमस्तक हुए कंगारू बल्लेबाज, हसन महमूद ने बरपाया कहर, महज 198 रन पर ढेर हुई ऑस्ट्रेलियाई टीम

डार्विन। ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच पहले टेस्ट के शुरुआत गुरुवार से हो गई है। मुकाबले के पहले दिन हैरान करने वाला उलटफेर देखने को मिला। इतना ही नहीं क्रिकेट फैंस को भी हैरान कर दिया है। डार्विन में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया की मजबूत बल्लेबाजी को पूरी तरह बेबस कर दिया और पूरी टीम महज 198 रन पर सिमट गई। यह बांग्लादेश के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट इतिहास में पहला 200 से कम का स्कोर है।

45 रन तक सब ठीक, फिर विकेटों की झड़ी

ऑस्ट्रेलिया ने पारी की शुरुआत संभलकर की और एक समय बिना विकेट गंवाए 45 रन बना लिए थे। इसके बाद अचानक विकेटों का पतन शुरू हो गया। बांग्लादेश के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाया और देखते ही देखते ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 74 रन पर चार विकेट हो गया।

मेजबान बल्लेबाजों में सिर्फ स्टीव स्मिथ ही बांग्लादेशी आक्रमण के सामने टिक सके। स्मिथ ने 109 गेंदों पर 71 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें पर्याप्त साथ नहीं मिला। अंत में वह भी हसन महमूद का शिकार बने।

हसन महमूद ने अकेले ही बरपाया कहर

बांग्लादेश की शानदार गेंदबाजी के सबसे बड़े नायक हसन महमूद रहे। उन्होंने 55 रन देकर छह विकेट झटके और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट प्रदर्शन है। महमूद ने शीर्ष क्रम से लेकर निचले क्रम तक लगातार विकेट निकाले। उनकी सटीक गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज खुलकर शॉट नहीं लगा सके और पूरी पारी 53 ओवर में समाप्त हो गई।

बांग्लादेश ने रचा खास इतिहास

ऑस्ट्रेलिया को 198 रन पर समेटकर बांग्लादेश ने अपने टेस्ट इतिहास में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसका सबसे कम स्कोर 217 रन था, लेकिन डार्विन में बांग्लादेशी गेंदबाजों ने इस आंकड़े को भी पीछे छोड़ दिया।

वापसी में ऑस्ट्रेलिया की हालत खराब

करीब छह महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में लौटने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम से मजबूत बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआती दिन में ही उसका शीर्ष क्रम लड़खड़ा गया। स्मिथ को छोड़कर कोई बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सका। बांग्लादेश के लिए यह प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि तेज गेंदबाज नाहिद राणा की गैरमौजूदगी के बावजूद उसके गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को अपने ही मैदान पर दबाव में ला दिया।

पहले दिन से बांग्लादेश का पलड़ा भारी

दिन का खेल खत्म होने तक बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के 198 रन के जवाब में मजबूत शुरुआत कर ली थी। इससे मुकाबले पर उसका दबदबा और बढ़ गया है। पहले ही दिन बांग्लादेश ने साफ कर दिया कि वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ मुकाबला करने नहीं, बल्कि इतिहास रचने के इरादे से उतरा है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें