महिला टी20 विश्व कप 2026 : ऑस्ट्रेलिया का तूफान में उड़ा पाकिस्तान, कंगारू टीम ने एकतरफा मुकाबले में 113 रनों से रौंदा

लीड्स। महिला टी20 विश्व कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। हेडिंग्ले मैदान पर खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पाकिस्तान को 113 रनों के बड़े अंतर से हराकर अपनी ताकत का दमदार प्रदर्शन किया। 200 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की पूरी टीम महज 86 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने टूर्नामेंट में अपना दबदबा और मजबूत कर लिया है।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखरी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। गुल फिरोजा सिर्फ एक रन बनाकर रन आउट हो गईं, जबकि सायरा जबीन पांच रन ही बना सकीं। आयशा जफर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं।
मुनीबा अली ने 32 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। कप्तान फातिमा सना ने 17 रन बनाए, जबकि अधिकांश बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके। पाकिस्तान की आठ बल्लेबाज 10 रन तक नहीं पहुंच पाईं और तीन बल्लेबाज शून्य पर आउट हुईं।
ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने किया कमाल
ऑस्ट्रेलिया की ओर से एलिसा पेरी, सोफी मोलिनक्स और एनाबेल सदरलैंड ने दो-दो विकेट हासिल किए। वहीं जॉर्जिया वेयरहम ने एक सफलता अपने नाम की। लगातार दबाव बनाकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने पाकिस्तान को संभलने का कोई मौका नहीं दिया।
एलिसा पेरी की दमदार पारी
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और बेथ मूनी बिना खाता खोले आउट हो गईं। इसके बाद जॉर्जिया वॉल और एलिसा पेरी ने शानदार साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों खिलाड़ियों ने दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की साझेदारी की। जॉर्जिया वॉल ने 39 रन बनाए, जबकि एलिसा पेरी ने 48 गेंदों में 71 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने नौ चैके और एक छक्का लगाया।
अंतिम ओवरों में एनाबेल सदरलैंड ने 27 और निकोला केरी ने नाबाद 26 रन बनाकर टीम का स्कोर 199 रन तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान की ओर से सादिया इकबाल, रमीन शमीम और नाशरा संधू ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन उनकी गेंदबाजी टीम को हार से नहीं बचा सकी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
