बुधवार, 24 जून 202608:58:59 PM
Download App
Home/विदेश

जिम्मेदारी निभाने के बजाय एजेंडा चला रहा पाकिस्तान : यूएन के मंच पर भारत ने जमकर लताड़ा, जम्मू-कश्मीर को लेकर भी दो टूक बोले हरीश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 24, 2026
05:56 AM
यूएन के मंच पर भारत ने जमकर लताड़ा, जम्मू-कश्मीर को लेकर भी दो टूक बोले हरीश

संयुक्त राष्ट्र। भारत ने पाकिस्तान की कड़ी आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसने एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच के सह-अध्यक्ष के रूप में निष्पक्ष भूमिका निभाने के बजाय उसका राजनीतिकरण किया है। भारत ने साफ शब्दों में कहा कि पाकिस्तान बार-बार वैश्विक मंचों का इस्तेमाल अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने सुरक्षा परिषद की एक अनौपचारिक बैठक के दौरान पाकिस्तान को सीधे निशाने पर लिया और उसके रवैये पर गंभीर सवाल उठाए।

‘जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और रहेगा’

पी. हरीश ने दो टूक कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का पूर्णतः आंतरिक मामला है और इस पर किसी भी तरह की बाहरी टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर हमेशा भारत का हिस्सा था, है और आगे भी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिस देश से संतुलित और निष्पक्ष व्यवहार की अपेक्षा की जाती है, उसने अपने पद का इस्तेमाल राजनीतिक मकसदों के लिए किया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

चीन और पाकिस्तान ने की थी बैठक की सह-अध्यक्षता

‘कार्यान्वयन की खाई को पाटनारू सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव और अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा का संरक्षण’ विषय पर आयोजित इस बैठक की सह-अध्यक्षता चीन और पाकिस्तान ने की थी। इसी दौरान पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि आसिम इफ्तिखार अहमद ने एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया। भारत ने इसका तत्काल और सख्त जवाब देते हुए कहा कि पाकिस्तान लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों का दुरुपयोग करता रहा है।

यूएन प्रस्तावों का पालन नहीं करने का आरोप

भारत ने कहा कि सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के क्रियान्वयन में सबसे बड़ी बाधा स्वयं पाकिस्तान रहा है। भारत ने याद दिलाया कि अप्रैल 1948 के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 47 में पाकिस्तान से उन क्षेत्रों से अपनी सेना, सुरक्षा बलों और नागरिकों को हटाने के लिए कहा गया था, जिन पर उसने कब्जा किया था, लेकिन उसने इस दिशा में आवश्यक कदम नहीं उठाए। भारत ने यह भी आरोप लगाया कि पाकिस्तान के नियंत्रण वाले कश्मीर क्षेत्रों में लोगों के विरोध प्रदर्शनों को उसकी सुरक्षा एजेंसियां बलपूर्वक दबाने का प्रयास कर रही हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें