हॉकी में भारत का पाकिस्तान पर प्रहार : 1-0 से पिछड़ने के बाद 4-3 से रौंदा, आज इंग्लैंड से होगा आमना-सामना

लंदन। एफआईएच प्रो लीग 2025-26 के लंदन चरण में भारतीय हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए 4-3 से रोमांचक जीत दर्ज की। एक समय मुकाबले में पीछे चल रही भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को चारों खाने चित कर दिया। भारत की ओर से अभिषेक, नीलाकांता शर्मा, सुखजीत सिंह और राजिंदर सिंह ने गोल दागे, जबकि पाकिस्तान के तीनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर के जरिए आए।
ली वैली हॉकी और टेनिस सेंटर में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने आठवें मिनट में नदीम अहमद के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली थी। हालांकि, इसके बाद भारतीय टीम ने अपनी रणनीति बदली और दूसरे क्वार्टर में जोरदार वापसी की। 21वें मिनट में अभिषेक ने बराबरी का गोल दागा, जबकि तीन मिनट बाद नीलाकांता शर्मा ने भारत को बढ़त दिला दी।
तीसरे और चैथे क्वार्टर में भारत का दबदबा
तीसरे क्वार्टर में सुखजीत सिंह ने गोल कर भारत की बढ़त मजबूत की। इसके बाद 52वें मिनट में राजिंदर सिंह ने चैथा गोल कर टीम को आरामदायक स्थिति में पहुंचा दिया। हालांकि अंतिम 10 मिनटों में कुछ रक्षात्मक गलतियों का फायदा उठाते हुए पाकिस्तान ने दो गोल किए, जिससे मुकाबला रोमांचक हो गया। इसके बावजूद भारतीय टीम ने संयम बनाए रखा और जीत अपने नाम कर ली।
हर विभाग में भारत रहा बेहतर
पूरे मैच में भारतीय टीम का प्रदर्शन पाकिस्तान से बेहतर रहा। भारत ने 30 बार विरोधी टीम के सर्कल में प्रवेश किया, जबकि पाकिस्तान केवल नौ बार ऐसा कर सका। भारत को 11 पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जबकि पाकिस्तान को आठ अवसर प्राप्त हुए। पाकिस्तान ने अपने तीन गोल पेनाल्टी कॉर्नर से किए, जबकि भारत ने दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदला।
लगातार तीसरी जीत, अंक तालिका में भी फायदा
यह एफआईएच प्रो लीग में भारत की लगातार तीसरी जीत है। 13 मैचों के बाद भारतीय टीम के 13 अंक हो गए हैं और वह नौ टीमों की अंक तालिका में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। भारत ने स्पेन को पीछे छोड़ दिया है, जबकि पाकिस्तान बिना किसी अंक के सबसे निचले पायदान पर बना हुआ है।
यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ अपना दबदबा कायम रखा है। वर्ष 2016 के बाद से भारत सीनियर और जूनियर स्तर पर पाकिस्तान के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं हारा है। अब भारतीय टीम अपने अगले मुकाबले में इंग्लैंड का सामना करेगी, जबकि 26 जून को एक बार फिर पाकिस्तान से भिड़ेगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
