मंगलवार, 16 जून 202606:31:28 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप एमपी का जलवा : होनहार खिलाड़ियों ने जूनियर से सब-जूनियर तक में लहराया परचम, बेटियों ने भी दिखाया दमदार प्रदर्शन

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 16, 2026
06:04 AM
होनहार खिलाड़ियों ने जूनियर से सब-जूनियर तक में लहराया परचम, बेटियों ने भी दिखाया दमदार प्रदर्शन

भोपाल। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों ने 36वीं राष्ट्रीय जूनियर एवं सब-जूनियर कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। प्रदेश के होनहार खिलाड़ियों ने कुल 39 पदक ओवरऑल चैंपियन का खिताब दिलाया। यह प्रतियोगिता रायपुर में 12 से 14 जून 2026 तक आयोजित की गई। विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर कई पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस उपलब्धि के साथ मध्यप्रदेश ने एक बार फिर राष्ट्रीय जलक्रीड़ा प्रतियोगिताओं में अपना दबदबा कायम रखा और खेल जगत में प्रदेश का मान बढ़ाया।

मध्यप्रदेश खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित वाटर स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने जूनियर पुरुष, जूनियर महिला, सब-जूनियर बालक और सब-जूनियर बालिका वर्ग में चैंपियनशिप अपने नाम की। खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में दमदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी राज्यों को पीछे छोड़ दिया।

39 पदकों के साथ रचा नया इतिहास

प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश ने कुल 39 पदक अर्जित किए, जिनमें 25 स्वर्ण, 11 रजत एवं 3 कांस्य पदक शामिल हैं। जूनियर वर्ग की 1000 मीटर एवं 500 मीटर स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने 24 पदक जीते, जिनमें 16 स्वर्ण, 6 रजत एवं 2 कांस्य पदक शामिल हैं। वहीं सब-जूनियर वर्ग की 500 मीटर एवं 200 मीटर स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने 15 पदक अर्जित किए, जिनमें 9 स्वर्ण, 5 रजत एवं 1 कांस्य पदक शामिल है।

खातेगांव की बेटियों ने दिखाया दम

देवास जिले के खातेगांव की प्रतिभावान खिलाड़ियों ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाया। खिलाड़ी माही साहू ने जूनियर वर्ग की 500 मीटर सी-4 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया। दिव्यानी जाट ने सी-2 500 मीटर एवं सी-4 1000 मीटर स्पर्धाओं में दो रजत पदक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं भाग्यश्री साहू ने के-4 200 मीटर स्पर्धा में रजत पदक तथा के-2 200 मीटर स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश के पदक खाते में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेल मंत्री ने दी बधाई

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के खिलाड़ी भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नई उपलब्धियां अर्जित कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

वाटर स्पोर्ट्स अकादमी की सफलता का स्वर्णिम अध्याय

यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की खेल अकादमियों में उपलब्ध वैज्ञानिक प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाओं एवं सुनियोजित प्रतिभा विकास कार्यक्रमों की प्रभावशीलता को दर्शाती है। साथ ही खातेगांव की बेटियों सहित प्रदेश के खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभरा है तथा मध्यप्रदेश को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान प्रदान कर रहा है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें