क्या आज चेपॉक में लौटेंगे ‘कैप्टन कूल’? : धोनी की वापसी को लेकर बढ़ीं अटकलें, अश्विन के बयान ने नई चर्चा को दिया जन्म

नई दिल्ली। आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स को 6 बार चैंपियन बनाने वाले महेन्द्र सिंह धोनी को लेकर एक बार फिर क्रिकेट जगत में चर्चा तेज हो गई है। सोमवार 18 मई को चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच चेपॉक में होने वाला मुकाबला अब सिर्फ प्लेऑफ की जंग नहीं रह गया है, बल्कि पूरी तरह धोनी की संभावित वापसी के इर्द-गिर्द घूमने लगा है। फैन्स के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘माही’ आज पीली जर्सी में मैदान पर उतरेंगे?
चोट के कारण पूरे सीजन रहे बाहर
आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले सीएसके ने जानकारी दी थी कि धोनी काफ स्ट्रेन से जूझ रहे हैं। शुरुआती अनुमान था कि वह कुछ मैच मिस करेंगे, लेकिन धीरे-धीरे उनका इंतजार लंबा होता गया। टीम प्रबंधन उनकी फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता था। खासतौर पर विकेटकीपिंग के दौरान मूवमेंट और दौड़ने की क्षमता पर लगातार नजर रखी जा रही थी।
सीएसके के बल्लेबाजी कोच डपबींमस भ्नेेमल ने कुछ दिन पहले कहा था कि धोनी नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन मैच फिटनेस अभी भी चुनौती बनी हुई है। वहीं मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने खुलासा किया था कि टीम ने उन्हें जल्दी वापसी कराने की कोशिश की थी, मगर वॉर्म-अप के दौरान चोट दोबारा उभर आई।
अश्विन के बयान से बढ़ी हलचल
अब पूर्व भारतीय स्पिनर रविन्द्रन अश्विन के एक बयान ने नई चर्चा छेड़ दी है। अपने यूट्यूब चैनल पर अश्विन ने कहा कि धोनी पिछले दो-तीन मैचों से खेलने के लिए तैयार थे और हैदराबाद के खिलाफ उनके उतरने की अच्छी संभावना है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर धोनी रिटर्न ट्रेंड करने लगा और फैन्स की उम्मीदें फिर बढ़ गईं।
चेपॉक में फेयरवेल की भी चर्चा
इस मुकाबले को खास बनाने वाली एक और वजह धोनी का पुराना बयान है। 2021 में सीएसके को खिताब दिलाने के बाद उन्होंने कहा था कि उनका आखिरी टी20 मैच चेन्नई में होना चाहिए। अब लगभग पांच साल बाद चेन्नई में सीएसके का आखिरी लीग मुकाबला खेला जा रहा है। ऐसे में कई फैन्स इसे संभावित फेयरवेल मैच की तरह भी देख रहे हैं, हालांकि धोनी ने अब तक रिटायरमेंट को लेकर कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया है।
टीम के लिए निर्णायक मुकाबला
सीएसके अभी भी प्लेऑफ की दौड़ में बनी हुई है। ऐसे में यह मुकाबला टीम के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। अगर धोनी मैदान पर उतरते हैं, तो उन्हें फिनिशर या इम्पैक्ट प्लेयर की भूमिका में इस्तेमाल किया जा सकता है ताकि उनकी फिटनेस पर ज्यादा दबाव न पड़े।
धोनी की मौजूदगी हमेशा टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाती रही है। यही कारण है कि चेपॉक में होने वाले इस मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है। फिलहाल टीम की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन अब सबकी नजरें टॉस पर टिकी हैं, जहां शायद इस बड़े सवाल का जवाब मिल सके।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
