भारत-न्यूजीलैंड वनडे सीरीज : न्यूजीलैंड में होगी भारत के धुरंधरों की असली परीक्षा, कीवी टीम को घर में हराने की होगी चुनौती

नई दिल्ली। टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद अब भारतीय क्रिकेट टीम की नजरें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज पर हैं। दोनों देशों के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला बुधवार को ऑकलैंड में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड की धरती पर भारतीय टीम के लिए जीत हासिल करना हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। ऐसे में इस बार टीम इंडिया के सामने कीवी टीम को उसी के घर में हराने की बड़ी चुनौती होगी। वहीं, दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के पास भी इस सीरीज में एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका है।
वनडे में भारत का पलड़ा भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 123 वनडे मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 63 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि न्यूजीलैंड को 52 मुकाबलों में सफलता मिली है। सात मैच बेनतीजा रहे और एक मुकाबला टाई हुआ। हालांकि, न्यूजीलैंड की सरजमीं पर तस्वीर कुछ अलग रही है। यहां भारत ने 45 वनडे खेले हैं, जिनमें सिर्फ 14 में जीत मिली, जबकि 26 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। एक मैच टाई और चार बेनतीजा रहे।
सचिन के नाम सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड में भारत की ओर से सबसे बड़ी वनडे पारी खेलने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम है। उन्होंने 8 मार्च 2009 को क्राइस्टचर्च में नाबाद 163 रन बनाए थे। अपनी इस पारी में सचिन ने 133 गेंदों का सामना करते हुए 16 चैके और पांच छक्के लगाए थे। दूसरे नंबर पर वीरेंद्र सहवाग हैं, जिन्होंने 11 मार्च 2009 को हैमिल्टन में 74 गेंदों पर नाबाद 125 रन बनाए थे।
कुंबले की घातक गेंदबाजी आज भी रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड में कीवी टीम के खिलाफ भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड अनिल कुंबले के नाम है। उन्होंने 30 मार्च 1994 को वेलिंगटन में 33 रन देकर पांच विकेट हासिल किए थे। वहीं, न्यूजीलैंड में भारत का सर्वाधिक वनडे स्कोर 392ध्4 और न्यूनतम स्कोर 92 रन रहा है।
विराट कोहली पर रहेंगी निगाहें
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में विराट कोहली भारत के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। उन्होंने 36 मैचों में सात शतक और 10 अर्धशतक की मदद से 1897 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 154 रन है।
इस सीरीज में कोहली के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ 2000 वनडे रन पूरे करने का सुनहरा मौका होगा। गेंदबाजी में जवागल श्रीनाथ 51 विकेट के साथ भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं। उनके बाद अनिल कुंबले और मोहम्मद शमी का नंबर आता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम इस बार न्यूजीलैंड की धरती पर अपने पुराने रिकॉर्ड को सुधार पाती है या नहीं।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
