सोमवार, 22 जून 202607:10:19 PM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

महिला टी20 विश्व कप : सेमीफाइनल की जंग हुई रोचक, भारत की हार से बदला समीकरण, ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत कायम

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 22, 2026
07:15 AM
सेमीफाइनल की जंग हुई रोचक, भारत की हार से बदला समीकरण, ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत कायम

नई दिल्ली। महिला टी20 विश्व कप 2026 में रविवार को खेले गए दो अहम मुकाबलों ने अंक तालिका की तस्वीर बदल दी। एक तरफ वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को 5 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की, तो दूसरी ओर साउथ अफ्रीका ने भारत को 6 विकेट से शिकस्त देकर सेमीफाइनल की दौड़ को और दिलचस्प बना दिया। दोनों टीमों की जीत से अपने-अपने ग्रुप में मुकाबला और कड़ा हो गया है।

ग्रुप बी के मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले गेंदबाजी करते हुए श्रीलंका को सिर्फ 98 रन पर समेट दिया। कैरेबियाई टीम की कप्तान हेली मैथ्यूज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह बिखेर दिया।

ग्रुप बी में शीर्ष पर इंग्लैंड

99 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने 16.1 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। यह टीम की लगातार तीसरी जीत है और अब उसके 3 मैचों में 6 अंक हो गए हैं। हालांकि, बेहतर नेट रनरेट के कारण इंग्लैंड ग्रुप बी में शीर्ष स्थान पर बना हुआ है।

श्रीलंका ने चखा दूसरी का हार का स्वाद

ग्रुप बी में मौजूदा चैंपियन न्यूजीलैंड 2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है, जबकि स्कॉटलैंड चैथे, श्रीलंका पांचवें और आयरलैंड छठे स्थान पर मौजूद है। श्रीलंका को तीन मैचों में दूसरी हार मिली है और उसके खाते में सिर्फ 2 अंक हैं।

भारत की हार से बदला समीकरण

ग्रुप ए के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 158 रन बनाए।

भारत की ओर से शेफाली वर्मा ने सबसे ज्यादा 31 रन की पारी खेली, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। जवाब में साउथ अफ्रीका ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर, भारत दूसरे स्थान पर बरकरार

ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत कायम है। टीम ने अपने तीनों मुकाबले जीतकर 6 अंक हासिल किए हैं और वह शीर्ष पर बनी हुई है। हार के बावजूद भारतीय टीम 4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर कायम है।

साउथ अफ्रीका ने भारत पर जीत दर्ज कर 4 अंक हासिल कर लिए हैं और बेहतर नेट रनरेट के आधार पर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है। बांग्लादेश भी 4 अंकों के साथ चैथे स्थान पर है, लेकिन नेट रनरेट में पीछे होने के कारण नीचे खिसक गया है।

वहीं, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स और आयरलैंड की टीमें अगले दौर की दौड़ से लगभग बाहर हो चुकी हैं। अब टूर्नामेंट के शेष मुकाबले सेमीफाइनल की तस्वीर तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें