छत्तीसगढ़ सक्ती : वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटा, 3 मजदूरों की मौत,30-40 मजदूर गंभीर रूप से घायल, मची अफरा तफरी

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। दरअसल डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट (Vedanta Power Plant) में बॉयलर फटने से भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं हादसे के बाद प्लांट में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है…जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हर रोज की तरह सामान्य काम चल रहा था। इस दौरान अचानक दोपहर करीब 2 बजे बॉयलर ब्लास्ट हो गया। जानकारी के अनुसार प्लांट में लगे बॉयलर के अचानक फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में करीब 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, वहीं 7 से 10 लोगों की मौके पर ही मौत होने की आशंका जताई जा रही है। विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के ग्रामीण भी दहशत में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है, साथ ही घटना के कारणों की जांच के निर्देश भी दे दिए गए हैं।
नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
