सड़कों पर उतरी कांग्रेस : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस का हल्लाबोल: NEET पेपर लीक से राहुल गांधी की गिरफ्तारी तक कई जिलों में विरोध प्रदर्शन

यपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने NEET पेपर लीक, राहुल गांधी की गिरफ्तारी और विभिन्न स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया है। महासमुंद, जांजगीर-चांपा, बलौदाबाजार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और खैरागढ़ समेत कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
महासमुंद में NEET पेपर लीक पर प्रदर्शन
महासमुंद के नेहरू चौक में जिला कांग्रेस ने NEET पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन में विधायक द्वारिकाधीश यादव और चातुरी नंद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पेपर लीक की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
जांजगीर-चांपा में राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन
जांजगीर-चांपा में जिला कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में रैली निकाली। कचहरी चौक से निकली रैली में कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े और काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। बाद में कार्यकर्ता कोतवाली थाना पहुंचे और गिरफ्तारी देने का प्रयास किया, लेकिन प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हो गया।
कसडोल में विधायक संदीप साहू धरने पर बैठे
बलौदाबाजार जिले के कसडोल में यातायात पुलिस की कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस विधायक संदीप साहू थाने के सामने धरने पर बैठ गए। विधायक ने आरोप लगाया कि यातायात कार्रवाई से व्यापारी और आम जनता अनावश्यक रूप से परेशान हो रही है। धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय व्यापारी शामिल हुए। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा और प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में उमेश पटेल का सरकार पर हमला
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के दौरे पर पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व शिक्षा मंत्री और खरसिया विधायक उमेश पटेल ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
छात्रों के बीच आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का आह्वान किया। वहीं पत्रकार वार्ता में उन्होंने NEET पेपर लीक को संगठित "माफिया नेटवर्क" का हिस्सा बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक बड़ा आंदोलन करेगी।
खैरागढ़ में मशाल जुलूस और कैंडल मार्च
खैरागढ़ में प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर शिवाजी चौक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया गया। इसके बाद युवा कांग्रेस के बैनर तले मशाल जुलूस और कैंडल मार्च निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन में विधायक यशोदा वर्मा, पूर्व विधायक गिरवर जंघेल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल दास साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन और तेज होने के संकेत
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कांग्रेस राष्ट्रीय और स्थानीय दोनों मुद्दों को लेकर लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए है। पार्टी एक ओर NEET पेपर लीक और राहुल गांधी की गिरफ्तारी जैसे मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेर रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रशासनिक मामलों को लेकर भी विरोध प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के आंदोलन और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

नीलम अहिरवार
17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।
