5000 साल पुराने रहस्य का सफर, खजाने की तलाश : वृषकर्मा का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, खतरनाक अवतार में दिखे नागा चैतन्य

मुंबई। दक्षिण भारतीय सिनेमा के अभिनेता नागा चैतन्य अपनी आगामी माइथोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म वृषकर्मा को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें रहस्य, रोमांच, पौराणिक मान्यताओं और अलौकिक शक्तियों की अनोखी दुनिया देखने को मिल रही है। निर्देशक कार्तिक दांडू की इस फिल्म में नागा चैतन्य बिल्कुल नए अवतार में नजर आ रहे हैं। ट्रेलर की शुरुआत 5,000 साल पुरानी एक रहस्यमयी शक्ति से होती है, जो दर्शकों के मन में कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करती है। फिल्म दुनियाभर के सिनेमाघरों में 4 दिसंबर को रिलीज होगी।
खजाने की तलाश से शुरू होगा 5,000 साल पुराने रहस्य का सफर
ट्रेलर में शुरुआत में कहानी एक ऐसे व्यक्ति के इर्द-गिर्द घूमती दिखाई देती है, जो किसी खजाने की तलाश में निकला है। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह खोज एक प्राचीन अलौकिक शक्ति और सदियों पुराने रहस्य में बदल जाती है। फिल्म में वैदिक ज्ञान, पौराणिक शक्तियों और ऐसी रहस्यमयी घटनाओं को दिखाया गया है, जिन्हें सामान्य मानवीय सोच से परे बताया गया है।
ट्रेलर का सबसे रोमांचक हिस्सा आखिर में आता है, जब नागा चैतन्य का किरदार श्वृषकर्माश् के दिव्य स्वरूप में बदल जाता है। वह सृष्टि के धर्म की रक्षा करने वाली एक असाधारण शक्ति के रूप में सामने आते हैं। उनके इस अवतार ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।

नागा चैतन्य बोले- मेरे दिल के बेहद करीब है यह फिल्म
अभिनेता नागा चैतन्य ने अपने एक्स अकाउंट पर फिल्म का ट्रेलर साझा करते हुए खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि वह लंबे समय से इस ट्रेलर को दर्शकों के साथ साझा करने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने खुद को खुशकिस्मत बताया कि उन्हें इतनी बड़ी और खास फिल्म का हिस्सा बनने का मौका मिला।
अभिनेता ने दर्शकों से अपील की कि वे इस फिल्म को बड़े पर्दे पर बेहतरीन साउंड और विजुअल अनुभव के साथ देखें। साथ ही उन्होंने फिल्म में हुई देरी के लिए माफी मांगते हुए दर्शकों के धैर्य और समर्थन का आभार जताया।
जयराम निभाएंगे प्रोफेसर रंगनाथ का किरदार
फिल्म में दिग्गज अभिनेता जयराम भी महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगे। वह प्रोफेसर रंगनाथ का किरदार निभा रहे हैं। इससे पहले मेकर्स ने उनका फर्स्ट लुक पोस्टर जारी करते हुए उनके किरदार के जुनून और ज्ञान को कहानी का अहम हिस्सा बताया था।
मीनाक्षी और स्पर्श श्रीवास्तव भी आएंगे नजर
फिल्म में मीनाक्षी मुख्य अभिनेत्री की भूमिका में हैं। वहीं श्लापता लेडीजश् फेम स्पर्श श्रीवास्तव भी अहम किरदार निभाते दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन कार्तिक दांडू ने किया है, जबकि कहानी सुकुमार ने लिखी है।
फिल्म का निर्माण बीवीएसएन प्रसाद और सुकुमार बड़े स्तर पर कर रहे हैं। सिनेमैटोग्राफी नील डी कुन्हा, संगीत अजानेश लोकनाथ और एडिटिंग राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता नवीन नूली ने संभाली है। आर्ट डायरेक्शन की जिम्मेदारी श्री नागेंद्र तंगाला के पास है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
