टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग : शूटर्स को टीवी न्यूज से मिल रहे थे पुलिस की कार्रवाई के अपडेट, मुंबई पुलिस खंगाल रही कम्युनिकेशन नेटवर्क

मुंबई। अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच लगातार आगे बढ़ रही है। जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाले शूटर्स अपने हैंडलर के लगातार संपर्क में थे। फोन कॉल और मैसेज के जरिए उन्हें पुलिस की जांच और अपनी पहचान उजागर होने से जुड़ी जानकारियां दी जा रही थीं। पुलिस को संदेह है कि कोई व्यक्ति टीवी न्यूज चैनलों पर नजर रखकर शूटर्स तक अहम अपडेट पहुंचा रहा था।
टीवी पर चेहरे दिखते ही रेहान को मिला अलर्ट
पुलिस जांच के मुताबिक, फायरिंग की घटना से जुड़े वीडियो और व्लॉगर्स के फुटेज में आरोपियों के चेहरे सामने आने के बाद रेहान अंसारी को वहां से निकलने का संदेश भेजा गया था। शूटर्स को यह भी बताया जा रहा था कि पुलिस उनकी पहचान और लोकेशन तक पहुंचने के लिए कितनी आगे बढ़ चुकी है।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि टीवी चैनलों से जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचाने वाला व्यक्ति कौन था। पुलिस को संदेह है कि कम्युनिकेशन ऐप के जरिए निर्देश देने वालों में अमेरिका में मौजूद अनिल पंडित या सोनीपत से गिरफ्तार अंकित खटक और समीर खत्री की भूमिका हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है और संबंधित भूमिका की पुष्टि होना बाकी है।
बाइक से भागे, फिर ट्रेन और कैब का लिया सहारा
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर को फायरिंग के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हुए थे। इसके बाद उन्होंने ट्रेन और कैब के जरिए अलग-अलग स्थानों तक पहुंचने की कोशिश की। जांच में यह भी सामने आया कि पुलिस की गतिविधियों से जुड़े अपडेट मिलने के बाद आरोपी अपने यात्रा के साधन बदल रहे थे।
आरोपियों ने बातचीत के लिए इंटरनेट आधारित कॉलिंग का इस्तेमाल किया, जिससे उनकी गतिविधियों को ट्रैक करना चुनौतीपूर्ण हो गया। हालांकि, कैब ड्राइवर के साथ हुई एक सामान्य फोन कॉल पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। इसके बाद मुंबई पुलिस की सूचना पर राजस्थान के कोटा में तीनों आरोपियों को ट्रेन से गिरफ्तार किया गया।
अब तक 10 गिरफ्तार, तीन आरोपी पुलिस कस्टडी में
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फायरिंग के आरोप में गिरफ्तार फूल सिंह (18), रेहान रहीसुद्दीन अंसारी (18) और ऋतिक महतो (22) को 31 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी में रखा गया है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
