व्हाइट हाउस के पास गोलियों की गूंज : सुरक्षाबलों की जवाबी फायरिंग में हमलावर ढेर, मासूम हुआ घायल, जांच में जुटी एजेंसियां

वॉशिंगटन। वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक हथियारबंद संदिग्ध ने सुरक्षाकर्मियों पर अचानक गोलीबारी कर दी। जवाबी कार्रवाई में सीक्रेट सर्विस के जवानों ने हमलावर को गोली मारकर काबू किया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में कुछ समय के लिए लॉकडाउन लागू कर दिया गया।
डिप्टी डायरेक्टर मैट क्विन के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 3रू30 बजे हुई। सादे कपड़ों में तैनात सीक्रेट सर्विस एजेंट्स व्हाइट हाउस के बाहरी इलाके में गश्त कर रहे थे, तभी उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया, जिसके पास हथियार होने की आशंका थी। जैसे ही पुलिस ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, वह भागने लगा और फिर अचानक मुड़कर गोली चला दी।
नाबालिग को लगी गोली
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत जवाबी फायरिंग की, जिसमें संदिग्ध घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, हालांकि उसकी स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इस गोलीबारी में एक नाबालिग राहगीर भी घायल हुआ, जिसे संदिग्ध की गोली लगी बताई जा रही है। राहत की बात यह है कि बच्चे की हालत गंभीर नहीं है और उसका इलाज जारी है।
परिसर को अस्थाई रूप से किया गया बंद
घटना 15वीं स्ट्रीट और इंडिपेंडेंस एवेन्यू के पास हुई, जो व्हाइट हाउस से बेहद नजदीक है। हमले के बाद नॉर्थ लॉन में मौजूद पत्रकारों को तुरंत अंदर भेजा गया और सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया।
ट्रंप ने घटना पर नहीं दी कोई प्रतिक्रिया
कुछ ही देर बाद स्थिति नियंत्रण में आने पर लॉकडाउन हटा लिया गया। उस समय डोनाल्ड ट्रंप अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ईस्ट रूम में एक छोटे बिजनेस इवेंट में शामिल हुए। उन्होंने घटना पर सीधी प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर भरोसा जताया।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
